जयपुर: गुर्जर आरक्षण के मसले पर सत्तापक्ष और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सदस्यों के बीच तकरार से हुए शोर शराबे के बीच शुक्रवार को राजस्थान विधानसभा की कार्यवाही एक-एक घंटे के लिए दो बार स्थगित की गई। शून्यकाल में भाजपा के उप नेता घनश्याम तिवाड़ी ने नामंजूर स्थगन प्रस्ताव के माध्यम से अनुसूचित जाति जनजाति अन्य पिछड़ा वर्ग अधिनियम को लागू करने के सदर्भ मे आरक्षण का मसला उठाने का प्रयास किया।
इस बीच गृहमंत्री शांति धारीवाल के बोलने पर भाजपा सदस्यों ने कड़ा प्रतिवाद किया। सतापक्ष के सदस्यों ने भी इसका जवाब दिया जिससे सदन में हंगामा हो गया अध्यक्ष दीपेन्द्रसिंह शेखावत ने 12.15 बजे सदन की कार्यवाही एक घंटे के लिए स्थगित कर दी। दोबारा बैठक शुरू होने पर प्रतिपक्ष की नेता वसुंधरा राजे ने अपनी बात कहनी चाही तो अध्यक्ष ने यह जानना चाहा कि वह किस विषय पर बोल रही हैं।
इसी बीच गृहमंत्री धारीवाल भी बोलने लगे सतापक्ष और भाजपा के सदस्य अपनी सीटों से उठकर आगे आने लगे। जिसके बाद अध्यक्ष ने 1.16 बजे फिर एक घंटे के लिए बैठक स्थगित कर दी।



<< पिछला अगला >>