इस्लामाबाद: पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने देश को आर्थिक मंदी से बाहर निकालने के लिए एक वृहत योजना की जरूरत बताते हुए अमेरिका से 50 अरब डॉलर की मदद मांगी है।
जरदारी ने पाकिस्तान और अफगानिस्तान के लिए अमेरिका के विशेष दूत रिचर्ड होलब्रुक के साथ हुई बैठक में कहा कि पाकिस्तान को अपने संस्थागत विकास के लिए 50 अरब डॉलर की जरूरत है।
प्रधानमंत्री कार्यालय से जारी विज्ञप्ति के अनुसार पाकिस्तानी प्रधानमंत्री युसूफ रजा गिलानी ने भी रिचर्ड से मुलाकात के दौरान पाकिस्तान को अमेरिका से खुफिया जानकारियां, पायलट रहित ड्रोन विमान और अन्य सैन्य सुविधाएं मुहैया करवाने का आग्रह किया जिससे कि पाकिस्तान तालिबान का मुकाबला बिना अमेरिकी ड्रोन हमलों के खुद ही कर सके।
पाकिस्तान पहले भी अमेरिका से कह चुका है कि वह पाकिस्तान को चालक रहित विमानों को मुहैया करवाए जिससे कि तालिबान पर वह खुद ही आक्रमण कर सके। हाल के दिनों में अमेरिकी ड्रोनों द्वारा तालिबान पर किए हमलों से पाकिस्तान सरकार जनता का आक्रोश झेल रही है।



<< पिछला अगला >>