नयी दिल्ली: गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पुलिस मुठभेड में मारे गए सोहराबुद्दीन शेख के बारे में दिए गए अपने विवादास्पद बयान पर विरोधियों की कड़ी आलोचनाओं से अविचलित रहते हुए कल कहा कि उनके लिए यह सिर्फ राजनीतिक मुद्दा है और वह आतंकवाद पर कांग्रेस के साथ बहस करने को तैयार हैं।
गुजरात में खेडा जिले के डाकोर में अपने चुनाव प्रचार अभियान के दौरान सीएनएन से बातचीत में श्री मोदी ने कहा कि उनके लिए सोहराबुद्दीन शेख मुठभेड सिर्फ राजनीतिक मुद्दा है और वह इससे पीछे नहीं हटेंगे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उनके बीच अहम् का कोई टकराव नहीं है लेकिन यदि वह उन पर हमला करती हैं तो वह जवाब देने के लिए बाध्य होंगे।
श्री मोदी ने कहा –“ मैं व्यक्तिगत रूप से सोनिया गांधी के खिलाफ नहीं हूं। कांग्रेस उनके नाम पर चुनाव लड़ रही है। स्वाभाविक रूप से मुझे उनकी बातों का जवाब देना होगा क्योंकि वह मेरे खिलाफ लड़ रही हैं।”
मुठभेड. मुद्दे पर अपने भाषण को सही ठहराते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस उनके साथ आतंकवाद पर चर्चा करने से दूर भाग रही है और वह इस भाषण पर चुनाव आयोग के नोटिस का समुचित जवाब देंगे।
श्री मोदी ने कहा –“इस चुनाव में सिर्फ सोहराबुद्दीन नहीं बल्कि कई मुद्दे हैं। मेरे लिए यह सिर्फ कई मुद्दों में से एक है।”



<< पिछला अगला >>