डरबन:म्यामां की लोकतंत्र समर्थक नेता और नोबल शांति पुरस्कार से सम्मानित आंग सान सू की को महात्मा गाँधी अंतरराष्ट्रीय शांति और मेलमिलाप पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
डरबन सिटी हॉल में आयोजित समारोह में दक्षिण अफ्रीका के संगठन महात्मा गांधी फाउंडेशन ने उन्हें यह पुरस्कार दिया। सू की की ओर से यह सम्मान निर्वासन में रह रहे म्यामां के पूर्व प्रधानमंत्री थेन विन ने स्वीकार किया। पुरस्कार दक्षिण अफ्रीका के विदेशी मामलों के उपमंत्री इब्राहिम इस्माइल इब्राहिम ने प्रदान किया।
फाउंडेशन के न्यासी पैडी केयर्नी ने बताया कि 20 जुलाई को यह सम्मान इसलिए दिया गया, क्योंकि यह म्यामां के सैन्य शासन की ओर से सू की को नजरबंद रखे जाने की 20वीं बरसी की ओर संकेत करता है।
उन्होंने कहा कि वे महात्मा गाँधी, नेल्सन मंडेला और मार्टिन लूथर किंग की तरह अहिंसक नेता हैं। अहिंसा, न्याय और शांति के प्रति उनकी कटिबद्धता के लिए सू की को यह सम्मान दिया गया है।



<< पिछला अगला >>