वाशिंगटन: अमेरिका में रहने वाले कश्मीरी पंडितों ने मांग की है कि जम्मू कश्मीर को विशेष राज्य का दर्जा देने वाले धारा370 को खत्म किया जाए क्योंकि दीर्घकाल के लिए इसकी प्रासंगिकता नहीं है।
कैलीफोर्निया स्थित साउथ लेक ताहो में कश्मीरी पंडितों के हाल में आयोजित दूसरे वार्षिक शिविर में यह मांग उठाई गई। अमेरिका के विभिन्न हिस्सों में रहने वाले लगभग 85 परिवारों ने इसमें हिस्सा लिया।
अपने मुख्य भाषण में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुब्रमण्यम स्वामी ने कहा कि धारा 370 को महज कैबिनेट के निर्णय और राष्ट्रपति की अनुशंसा से हटाया जा सकता है।
शिविर में हिस्सा लेने वालों ने महसूस किया कि कश्मीरी हिंदुओं के खिलाफ धारा 370 का इस्तेमाल होता रहा है। उन्हें लगता है कि धारा 370 की दीर्घकाल में कोई प्रासंगिकता नहीं है और इसे जल्द से जल्द से खत्म किया जाना चाहिए।
दो दिन का यह समारोह चार जुलाई को आयोजित किया गया जिसकी थीम ''कनेक्ट कश्मीर' थी। इस अवसर पर संगीत समेत कई सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
आयोजन में कश्मीर की नाइटएंगल के रूप में ख्यातिप्राप्त कैलाश मेहरा साधु ने सुपरिचित लोकगीत और गजलें सुनाकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।



<< पिछला अगला >>