इस्लामाबाद: पाक ने इस बात से इंकार किया है कि भारतीय उच्चायुक्त ने इंटर सर्विसेज इंटेलिजेंस एजेंसी (आईएसआई) के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल शुजा पाशा से मुलाकात कर दोनों देशों के बीच रुकी हुई शांतिवार्ता को फिर से बहाल करने पर चर्चा की है।
स्थानीय मीडिया ने सूत्रों के हवाले से कहा कि आईएसआई के निदेशक और भारतीय उच्चायुक्त के बीच ऐसी कोई बातचीत नहीं हुई है।
इससे पहले भारतीय प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने इटली के ला अकिला शहर में विकसित देशों के समूह जी आठ और विकासशील देशों के समूह जी पांच की शिखर बैठक में हिस्सा लेने के बाद शनिवार को स्वदेश लौटते हुए अपने विशेष विमान में संवाददाताओं से कहा था कि भारतीय उच्चायुक्त शरत सभरवाल की आईएसआई प्रमुख से मुलाकात हुई है। इसमें दोनों पक्षों ने शांति वार्ता फिर से शुरू कराने पर चर्चा की है। उन्होंने कहा था कि सभरवाल ने आईएसआई प्रमुख सहित पाकिस्तान के कई अधिकारियों से मुलाकात की है।
उन्होंने कहा कि वह मिस्र के शर्म अल शेख में आगामी 14 जुलाई को होने वाले गुटनिरपेक्ष देशों के सम्मेलन में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी से मुलाकात का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।



<< पिछला अगला >>