नई दिल्ली: देश की बड़ी कार निर्माता मारुति सुजुकी ने हाल ही लांच अपनी छोटी कार का नाम ''रिट्ज' रखा है लेकिन वो इस कार का नाम का नाम 'स्प्लैश' रखना चाहती थी। पर फोर्ड मोटर ने कंपनी को ऐसा करने से रोक दिया। अमेरिका की दूसरी दिग्गज कार कंपनी फोर्ड ने यह ब्रांड नाम भारत में पहले ही पंजीकृत करा रखा था। मजबूरन कंपनी को अपनी यह कार 'रिट्ज' नाम से बाजार में उतारनी पड़ी। हालांकि मारुति की मूल कंपनी जापान की सुजुकी ने इसे 'स्प्लैश' नाम से वर्ष 2007 में लांच किया था। यह इसी नाम से ग्लोबल बाजार में बिक भी रही है।
फोर्ड ने 16 अगस्त, 02 से ही 'स्प्लैश' नाम को कंट्रोलर जनरल आफ पेटेंट्स एंड ट्रेडमार्क्स रजिस्ट्री [सीजीपीटीआर] में पंजीकृत करा रखा है। बाद में जापान की सुजुकी मोटर ने भी ट्रेडमार्क अधिकारियों से संपर्क कर अपने ग्लोबल माडल स्प्लैश को भारत में मारुति के जरिए लांच करना चाहा। इसके लिए 22 दिसंबर, 05 को सुजुकी ने सीजीपीटीआर में स्प्लैश ट्रेडमार्क के पंजीकरण के लिए बाकायदा आवेदन भी कर दिया। हालांकि फोर्ड की आपत्ति के बाद कंपनी ने इस ट्रेडमार्क को वापस ले लिया। फिलहाल मारुति अपने गुड़गांव स्थित प्लांट में रिट्ज के पेट्रोल व डीजल वर्जनों का उत्पादन कर रही है।



<< पिछला अगला >>