कार्डिफ: मध्यक्रम के बल्लेबाजों मार्कस नोर्थ (125 नाबाद) और ब्रैड हैडिन (121) की शतकीय पारियों की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैण्ड के खिलाफ एशेज सीरीज के पहले टेस्ट मैच के चौथे दिन अपनी पहली पारी छह विकेट पर 674 रन के स्कोर पर घोषित कर दी। इस प्रकार ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी के आधार पर 239 रन की बढ़त हासिल हुई। इंग्लैण्ड ने चौथे दिन का खेल समाप्त होने तक दो विकेट गंवाकर 20 रन बनाए थे। कप्तान एंड्रयू स्ट्रॉस (6) और केविन पीटरसन (3) अविजित थे। एलिस्टेयर कुक (6) और रवि बोपारा (1) आउट हो चुके हैं।
वर्षा के कारण चायकाल के बाद का खेल मुमकिन नहीं हो पाया। आस्ट्रेलिया ने दिन की शुरूआत पांच विकेट पर 479 रन के स्कोर से की तीसरे दिन के नाबाद बल्लेबाजों नोर्थ और ब्रैड हैडिन ने छठे विकेट के लिए 200 रन की साझेदारी निभाई। नोर्थ ने अपना शतक 206 गेंदों पर 12 चौकों की मदद से पूरा किया। हैडिन ने 138 गेंद पर ही शतक जमा दिया।
पॉल कोलिंगवुड ने हैडिन का विकेट लिया। हैडिन के आउट होते ही आस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग ने पारी समाप्त करने की घोषणा कर दी।
नोर्थ और हैडिन से पहले साइमन कैटिच (122) और पोंटिंग (150) ने भी ऑस्ट्रेलियाई पारी में सैकड़ा जमाया था।
नोर्थ-हाडिन एशेज रिकॉर्ड बुक में
कार्डिफ। इंग्लैंड के खिलाफ पहले एशेज टेस्ट में शतक जमाने वाले मार्कस नोर्थ और ब्रैड हाडिन एशेज सीरीज के अपने पहले ही टेस्ट में सैकड़ा जमाने वाले ऑस्ट्रेलिया के 15वें और 16वें बल्लेबाज बन गए। ये दोनों डेमियन मार्टिन और एडम गिलक्रिस्ट (एजबेस्टन 2001) के बाद यह रिकॉर्ड बनाने वाले पहले ऑस्ट्रेलियाई हैं।



<< पिछला अगला >>