बगदाद : उत्तरी इराक के एक गांव में कार में बम विस्फोट हो जाने से कम से कम चार लोगों की मौत हो गई, जबकि राजधानी बगदाद में भी विस्फोटों से छह अन्य मारे गए। निनेवाह प्रांत के एक पुलिस अधिकारी ने नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर कहा कि कल उत्तरी गांव कुगजेली में हुए धमाके से 38 लोग घायल हो गए। इस दौरान कई दुकानें और कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। पूर्वी मोसुल शहर से पांच किलोमीटर दूर मौजूद इस शिया बहुल इलाके के एक मुख्य मार्ग के निकट जब यह बम विस्फोट हुआ, तो अधिकतर लोग अपने घरों के अंदर थे।
पुलिस अधिकारी और चिकित्साकर्मियों ने कहा कि बगदाद में हुई घटना के तहत एक बम को कर्राडा जिले के बिलियर्ड्स हॉल के दरवाजे पर रखा गया था। विस्फोट से हॉल में मौजूद चार नागरिकों की मौत हो गयी और 15 अन्य घायल हो गए। इसी क्षेत्र में हुए एक और बम धमाके के बाद गश्त दे रहे चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस और चिकित्साकर्मियों के मुताबिक, दक्षिण पश्चिमी बगदाद में कार में लगाए गए बम में विस्फोट से दो लोगों की मौत हो गई। इनमें जूनियर कैबिनेट के एक अधिकारी शामिल थे। घटना में इस अधिकारी की पत्नी और बच्चे सहित 11 अन्य घायल हो गए हैं।



<< पिछला अगला >>