कार्डिफ: साइमन कैटिच (122) और कप्तान रिकी पोंटिंग (150) के शतकों के बाद माइकल क्लार्क (83) और मार्कस नोर्थ (54 नाबाद) के अर्द्धशतकों की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने एशेज सीरीज के पहले टेस्ट मैच में वर्षा से बाघित तीसरे दिन के खेल में इंग्लैण्ड पर पहली पारी के आधार पर बढ़त हासिल कर ली। ऑस्ट्रेलिया ने दिन का खेल समाप्त होने के समय तक पांच विकेट खोकर 479 रन बना लिए थे। नोर्थ 54 रन और ब्रैड हैडिन चार रन बनाकर अविजित थे। ऑस्ट्रेलिया की बढ़त 44 रन की हो गई है। इंग्लैण्ड ने पहली पारी में 435 रन बनाए थे।
ऑस्ट्रेलिया ने दिन की शुरुआत एक विकेट पर 249 रन के स्कोर से की। दूसरे दिन के नाबाद शतकवीर बल्लेबाजों साइमन कैटिच और कप्तान रिकी पोंटिंग ने दूसरे विकेट की साझेदारी में शुक्रवार को 50 रन और जोड़े। तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने कैटिच को 122 रन के निजी स्कोर पर आउट कर इंग्लैण्ड को राहत दिलवाई।
कैटिच और पोंटिंग ने दूसरे विकेट के लिए कुल 239 रन जोड़े। अगले बल्लेबाज माइक हसी ज्यादा देर नहीं टिक सके और सिर्फ तीन रन बनाकर एंडरसन का दूसरा शिकार बने। पोंटिंग अपने 150 रन पूरे करने के तुरंत बाद स्पिनर मोंटी पनेसर की गेंद पर बोल्ड हो गए। पोंटिंग ने अपनी पारी में 224 गेंदों का सामना किया और 14 चौके व एक छक्का जमाया। क्लार्क को स्टुअर्ट ब्रॉड ने आउट किया।



<< पिछला अगला >>