नई दिल्ली: सरकार की स्टील के पर आयात सीमा शुल्क बढ़ाने का कोई इरादा नहीं है। इस्पात मंत्री ने यह बयान ''एसोचैम' द्वारा आयोजित तीसरे इस्पात सम्मेलन को संबोधित करने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि स्टील के आयात पर वर्तमान पांच प्रतिशत के सीमा शुल्क को बढ़ाने की कोई योजना नहीं है। उन्होंने कहा कि स्टील आयात की स्थिति पर बारीकी से निगाह रखी जा रही है और फिलहाल ऐसा कोई मामला नहीं बनता है जिससे इस पर सीमा शुल्क में वृद्धि की जाए।
गौरतलब है कि सस्ते आयात से पड़ने वाले प्रभाव को बचाने के लिए घरेलू उद्योग स्टील के आयात पर लगने वाले पांच प्रतिशत के सीमा शुल्क को बढ़ाने की मांग कर रहा है। भारतीय इस्पात प्राधिकरण लिमिटेड 'सेल' के विनिवेश के संबंध में पूछे गए सवाल के संबंध में सिंह ने कहा कि अभी इस बारे में कोई फैसला नहीं किया गया है।
लौह अयस्क के निर्यात पर इस्पात मंत्री ने कहा कि इसके निर्यात के बजाय देश में इसका संरक्षण किया जाना चाहिए जिससे घरेलू उद्योग की दीर्घकालिक जरुरतों को आसानी से पूरा किया जा सके। उन्होंने कहा कि वह लौह अयस्क का निर्यात करने की बजाय इस्पात के मूल्यवर्धित उत्पादों का ज्यादा से ज्यादा निर्यात किए जाने के पक्ष में है।



<< पिछला अगला >>