नई दिल्ली: पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद अपने कार्यकाल में अपने कार्य की समीक्षा चाहते है। लालू प्रसाद ने मंगलवार को रेल मंत्री ममता बनर्जी से यह आग्रह किया है कि वह उनके कार्यकाल पर सात दिनों के भीतर एक रिपोर्ट तैयार करें।
लालू ने कहा कि यदि रिपोर्ट में कोई भी अनियमितता पाई गई, तो वह उसके लिए देश से माफी मांगने को तैयार हैं।
राष्ट्रीय जनता दल (आराजेडी) के प्रमुख लालू प्रसाद ने मंगलवार को लोकसभा में रेल बजट पर एक चर्चा के दौरान कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के अधिकारियों, रेलवे के अधिकारियों और योजना आयोग के अधिकारियों को बुला कर मेरे कार्यकाल पर सात दिनों के भीतर एक रिपोर्ट प्रकाशित की जानी चाहिए।
ज्ञात हो कि ममता बनर्जी ने शुक्रवार को लोकसभा में रेल बजट पेश करते हुए कहा था कि वह भारतीय रेलवे के पिछले पांच वर्षो के वास्तविक प्रदर्शन पर एक श्वेत पत्र जारी करेंगी, क्योंकि वह महसूस करती हैं कि उनके पूर्ववर्ती लालू प्रसाद द्वारा इस वर्ष के शुरू में पेश किए गए अंतरिम बजट में निर्धारित लक्ष्य अस्वाभाविक रूप से ऊंचे थे।
इस पर लालू प्रसाद ने कहा कि यदि श्वेत पत्र में कोई भी गलती सामने आई तो वह पूरे देश से और संसद से माफी माग लेंगे। उन्होंने कहा कि मैं चोर नहीं हूं लेकिन कुछ लोग मुझे चोर साबित करने की कोशिश कर रहे हैं।



<< पिछला अगला >>