नई दिल्ली। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कुछ कांग्रेसी नेताओं को "मतलब का यार" करार दिया है।
लोकसभा चुनाव में पार्टी की करारी हार और कांग्रेसी नेताओं के रवैये को लेकर लालू यादव का दर्द आज लोकसभा में छलक पडा। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी नेताओं के रवैये को देखकर यही लगता है कि "मतलब निकल गया तो पहचानते नहीं।"
महिला आरक्षण बिल एक साजिशः लालू
इसके साथ ही लालू प्रसाद यादव ने महिला आरक्षण बिल का भी विरोध किया। महिला आरक्षण बिल का विरोध करते हुए उन्होंने इसके मौजूदा स्वरूप को समाज के कमजोर तबकों को सत्ता, राजनीति और विकास से दूर रखने की साजिश करार दिया।
उन्होंने सदन राष्ट्रपति के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान विधेयक को अभिजात वर्ग के पक्ष में और सामाजिक न्याय की शक्तियों के खिलाफ बताया।
उन्होंने कहा कि इस विधेयक के पीछे असली मंशा सामाजिक न्याय के पक्षधर क्षेत्रीय नेताओं और दलों को संसद में आने से रोकना है।
उन्होंने इस विधेयक में मुस्लिम, अनुसूचित जातियों और जनजातियों तथा अन्य पिछडे वर्गो की महिलाओं के लिए अलग से आरक्षण की मांग का समर्थन किया।
उन्होंने कहा कि इन कमजोर तबकों को अलग से आरक्षण देने के लिए जरूरी हो तो आरक्षित सीटों का प्रतिशत बढाया जा सकता है।



<< पिछला अगला >>