नई दिल्ली। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा-2008 के अंतिम परिणाम सोमवार को घोषित कर दिए। इस परीक्षा में 761 लोगों को भारतीय नागरिक सेवा (आईसीएस) के लिए योग्य घोषित कर इनकी नियुक्ति की अनुशंसा केन्द्र सरकार को भेज दी गई है। अस्थाई वरीयता सूची में इस बार पहले तीन स्थानों पर महिला अभ्यर्थियों ने कब्जा जमाया है। उत्तर प्रदेश के नोएडा की शुभ्रा सक्सेना वरीयता सूची में पहले स्थान पर रहीं जबकि शरनदीप कौर दूसरे और किरण कौशल तीसरे स्थान पर रहीं।
चण्डीगढ के वारिन्दर कुमार शर्मा ने लडकों में पहला स्थान पाया। वारिंदर विकलांग हैं। वरीयता सूची में उनका स्थान चौथा है। पहले 25 स्थानों पर कब्जा जमाने वाले अभ्यार्थियों में से 11 दिल्ली से तीन-तीन चण्डीगढ और चेन्नई से, दो-दो भोपाल और हैदराबाद से तथा एक-एक जयपुर, कोलकाता, जम्मू और तिरुवनन्तपुरम से चयनित हुए।
उत्तीर्ण अभ्यर्थियों में 364 सामान्य वर्ग से, 236 अन्य पिछडा वर्ग से, 130 अजा और 61 अजजा के हैं। टॉप 25 में से 10 स्थान पर महिला अभ्यर्थियों ने कब्जा जमाया।
आयोग के अनुसार प्रारम्भिक परीक्षा में कुल 3,18,843 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें से 1,67,035 ने परीक्षा दी। 11, 849 मुख्य परीक्षा में जगह बना पाए। साक्षात्कार के लिए 2140 अभ्यर्थी चयनित हुए।
भोपाल की सूफिया फारूखी को बीसवां स्थान
उन्होंने एक बार एमपीपीएससी की परीक्षा भी दी थी। सूफिया को आईएएस बनने की प्रेरणा पिता से मिली। सूफिया के मुताबिक उनकी पढाई मूड पर निर्भर रहती थी। किसी दिन वे महज तीन घण्टे ही पढतीं तो कभी 12-12 घण्टे तक किताबों में डूबी रहती थीं। उन्हें अपने चयन का भरोसा तो था, लेकिन बीसवां स्थान हासिल होगा ऎसा नहीं सोचा था। उन्होंने परीक्षा के लिए इतिहास और दर्शन शास्त्र विषय लिया था।



<< पिछला अगला >>