नई दिल्ली। उडीसा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने आज दो टूक शब्दों में कहा कि बीजू जनता दल (बीजद) भविष्य में कभी भी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ समझौता नहीं करेगा।
पिछले वर्ष कंधमाल में हुई हिंसा को उन्होंने दोनों दलों के 11 वर्ष पुराने गठबंधन के टूटने का सबसे बडा कारण बताया और कहा कि "भाजपा के साथ हमारा संबंध अच्छे के लिए खत्म हुआ है। अब उसके साथ वापस जाने का सवाल ही नहीं उठता।"
पटनायक ने एक निजी चैनल को दिए एक साक्षात्कार में स्पष्ट किया कि बीजद केंद्र में न तो कांग्रेस के नेतृत्व वाली न ही भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार का समर्थन करेग। हालांकि, उन्होंने संकेत दिए कि वे तीसरे मोर्चे के साथ जरूर जा सकते हैं।
भाजपा द्वारा बीजद पर धोखा देने का आरोप लगाए जाने के पूरे में पूछे जाने पर पटनायक ने कहा कि "सच्चाई यह है कि भाजपा ने सीटों के तालमेल को लेकर चल रही बातचीत के दौरान अनुचित मांगे रखी थीं, जिन्हें मानना संभव नहीं था।" उन्होंने साफ कि भाजपा के साथ गठबंधन टूटने का सबसे बडा कारण कंधमाल में फैली हिंसा थी।
उल्लेखनीय है कि पिछले साल सितम्बर महीने में फैली इस हिंसा में कम से कम 43 लोग मारे गए थे और सैकडों घरों व गिरिजाघरों को आग के हवाले कर दिया गया था।
पटनायक ने कहा कि "मैंने पिछले नौ वर्षो तक राज्य में शांतिपूर्वक सरकार चलाई है। मेरी सरकार कंधमाल हिंसा के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने को प्रतिबद्ध है।"



<< पिछला अगला >>