न जाने कैसे कैसे लोगों को समाजवादी पार्टी में लाने वाले अमर सिंह अब धमकी दे रहे हैं कि वे सपा का दामन छोड़ देंगे। खास बात यह है कि अमर सिंह को यह धमकी देने की जरूरत अपनी प्रिय मित्र जयाप्रदा को लेकर देनी पड़ रही है। अमर सिंह का कहना है कि सपा नेता मोहम्मद आजम खान जयाप्रदा को बेवजह और नाजायज तरीके से परेशान कर रहे हैं। अमर ने कहा कि यदि उन्होंने जया प्रदा को परेशान करना नहीं छोडा तो वे सपा छोड देंगे। उन्होंने कहा कि "आजम खान बेवजह जया प्रदा को परेशान कर रहे हैं।"
उन्होंने कहा कि जरूरत पडी तो आजम खान के मसले पर वो मुलायम सिंह का भी साथ छोड सकते हैं। उल्लेखनीय है कि सपा ने जय प्रदा को रामपुर से टिकट दिया है। आजम खान रामपुर से जया प्रदा को टिकट दिए जाने का विरोध कर रहे हैं।
सपा महासचिवच अमर सिंह ने कहा कि "आजम खान रामपुर में जया प्रदा को हराने के लिए काम कर रहे हैं। वो रामपुर में सरेआम जया प्रदा के खिलाफ प्रचार कर रहे हैं, जो कि सही नहीं है।"
मुलायम की मुश्किल बढी
अमर सिंह और आजम खान की तकरार से सपा अध्यक्ष मुलायम सिंह मुश्किल में फंस गए हैं। आजम खान समाजवादी पार्टी के संस्थापक सदस्य हैं और पिछले 23 सालों से मुलायम के साथ हैं। वहीं, अमर सिंह सपा महासचिव हैं और मुलायम सिंह के लिए उतने ही खास भी। ऎसे में दोनों में से किसी की भी नाराजगी मुलायम सिंह को भारी पड सकती है।
बहरहाल यह देखना दिलचस्प होगा कि संकट की इस घडी में मुलायम सिंह कौन का बीच का रास्ता निकालते हैं।



<< पिछला अगला >>