मुंबईः बंबई स्टाक एक्सचेंज (बीएसई) में सोमवार को जब बाजार में कारोबार शुरू हुआ तो सेंसेक्स 277 अंक चढ़कर खुला। 30 शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 277.48 अंक उपर 10631.20 पर खुला। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी 82.75 अंकों की उछाल के साथ 3292.95 पर खुला। तेल और गैस सूचकांक की अगुवाई में सेंसेक्स के सभी सूचकांक हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं। बीएसई के मझोले और छोटे शेयर सूचकांक भी दो फीसदी के आसपास की बढ़त पर हैं।
ज्यादातर एशियाई शेयर बाजार इस वक्त बढ़त पर हैं। हांगकांग का बाजार तीन प्रतिशत से ज्यादा, दक्षिण कोरिया दो प्रतिशत से ज्यादा तथा जापान, सिंगापूर और ताइवान के बाजार एक प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त पर हैं।
इससे पहले बीते शुक्रवार को अमेरिकी बाजारों में डाओ जोंस 39, नैस्डेक 19 और एसएंडपी सूचकांक 8 अंक ऊपर बंद हुआ था।
सुबह 9:58 बजे
- बीएसई का सेंसेक्स 262.24 अंक ऊपर 10,619.71 के स्तर पर है।
- एनएसई का निफ्टी 81.15 अंक ऊपर 3,292.20 के स्तर पर है।
इस समय बीएसई के सभी क्षेत्रीय सूचकांकों में तेजी है। अचल सम्पत्ति क्षेत्र पांच प्रतिशत से ज्यादा और बैंक, धातु सूचकांक तीन प्रतिशत से अधिक ऊपर हैं। उपभोक्ता टिकाऊ, तकनीकी, पूंजीगत वस्तु, ऊर्जा, तेल व गैस, पीएसयू और आईटी में दो प्रतिशत से ज्यादा की उछाल है। वाहन, फार्मा, एफएमसीजी क्षेत्र में एक प्रतिशत से ज्यादा की खरीदारी है।
सेंसेक्स के बढ़त वाले शेयरों में डीएलएफ साढ़े छह प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक, टाटा मोटर्स और रिलायंस कम्युनिकेशंस चार प्रतिशत से ज्यादा तथा एचडीएफसी, रिलायंस इंफ्रा, टाटा स्टील, जेपी एसोसिएट्स, हिंडाल्को, एचडीएफसी बैंक, एसबीआई और ओएनजीसी के शेयर तीन प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त पर हैं।
सेंसेक्स के तीस शेयरों में से कोई भी शेयर इस वक्त गिरावट पर नहीं है।
एशियाई शेयर बाजार (भारतीय समयानुसार सुबह 8.02 बजे)
एशियाई शेयर बाजारों में मजबूती आज भी जारी है –
- यहां हांगकांग का हैंगसेंग 3.41 फीसदी या 496.38 अंक चढ़ा है।
- जापान का निक्केई 2.29 प्रतिशत या 200.10 अंक मजबूत है।
- सिंगापूर का स्ट्रेट्स टाइम्स 2.34 फीसदी या 42.52 अंक बढ़ा है।
- दक्षिण कोरिया का सियोल कम्पोजिट 2 फीसदी या 25.73 अंक आगे है।
- ताइवान का ताइवान व्हेटेड 1.12 फीसदी या 62.15 अंक उछला है।
अमेरिकी शेयर बाजार
वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों के चलते सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन शुक्रवार को अमेरिकी शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुए -
- डाओ जोंस 39.51 अंक की तेजी के साथ 8,017.59 पर बंद हुआ।
- एसएंडपी500 सूचकांक 8.12 अंक बढ़ा और 842.50 के स्तर पर बंद हुआ।
- नैस्डेक 19.24 अंक ऊपर 1,621.87 पर बंद हुआ।



<< पिछला अगला >>