वेलिंगटन। न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे और निर्णायक टेस्ट में टॉस हारकर खेलने उतरी टीम इंडिया की हालात खराब है और उसके छह बल्लेबाज पैवेलियन लौट चुके हैं। समाचार लिखे जाने तक भारत ने छह विकेट के नुकसान पर 240 रन बना लिए हैं। कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी (25) और हरभजन सिंह 25 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं। इससे पहले मेजबान टीम के कप्तान डेनियल विटोरी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पारी की शुरूआत करने उतरे वीरेन्द्र सहवाग और गौतम गंभीर ने अच्छी बल्लेबाजी करते हुए पहले विकेट के 73 रन बनाए। हालांकि सहवाग दो रन से अपने अर्घशतक शतक से चूक गए। उन्हें ओ ब्रायन ने अपना शिकार बनाया।
सहवाग के आउट होने के बाद भारत के स्कोर में दो रन ही जुडे थे कि गंभीर भी पैवेलियन लौट गए। गंभीर 23 रन बनाकर फ्रैंकलिन को अपना विकेट थमा बैठे। इसके बाद मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर और राहुल द्रविड ने संभल कर खेलते हुए तीसरे विकेट के लिए 90 रन जोडे। आउट होने से पहले सचिन (62) ने अपना 53वां अर्घशतक पूरा किया। सचिन की जगह खेलने आए वीवीएस लक्ष्मण कुछ खास नहीं कर पाए और मात्र चार रन के निजी स्कोर पर टी. साउथी को अपना विकेट थमा बैठे। पांचा विकेट युवराज सिंह के रूप में गिरा। युवराज भी कुछ खास नहीं कर सके और 9 रन बनाकर पैवेलियन लौट गए। उन्हें जैसी रायडर ने अपना शिकार बनाया। मार्टिन ने राहुल द्रविड को 35 रन के निजी स्कोर पर फ्रैंकलिन के हाथों लपकवा अपनी टीम को छठी सफलता दिलाई।
हैमिल्टन में शानदार जीत और नेपियर में विषम परिस्थितियों के बावजूद मैच ड्रॉ कराने में सफल रही भारतीय टीम न्यूजीलैण्ड की सीरीज बराबरी की प्रतिबद्धता तथा बेसिन रिजर्व की तेज पिच और हवाओं से पार पाकर तीसरे और अंतिम टेस्ट मैच में जीत दर्ज कर 41 साल का सूखा खत्म करने के इरादे से उतरी है। भारत जिस तरह से 1967—68 के बाद न्यूजीलैंड में पहली सीरीज जीतने के लिए कोई कसर नहीं छोडना चाहता है, वहीं कीवी टीम की प्रतिष्ठा दाव पर लगी है और वो सीरीज में बराबरी करने और स्थानीय प्रशंसकों का समर्थन फिर से हासिल करने के लिए प्रतिबद्ध है।
भारतीय टीम तीनों दिग्गज बल्लेबाजों सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड और वीवीएस लक्ष्मण को न्यूजीलैण्ड की सरजमी पर शानदार विदाई भी देना चाहेगी जिनका यह यहां संभवत: अंतिम मैच होगा। यदि भारत यह टेस्ट जीतता है तो यह उसकी 100वीं टेस्ट जीत होगी। न्यूजीलैण्ड की टीम आहत है, लेकिन उसे आशा है कि वो भारत को हरा सकता है।
नेपियर के दूसरे टेस्ट मैच में उन्होंने अपना जज्बा दिखाया और भारतीय टीम को फालोऑन के लिए मजबूर किया तथा उन्हें विश्वास है कि वो यह लय यहां भी जारी रखेंगे। न्यूजीलैण्ड का बेसिन रिजर्व पर शानदार रिकार्ड रहा है जहां उसने भारत को लगातार चार टेस्ट मैच में हराया है।
नेपियर में दूसरी पारी में भले ही उसने भारतीय टीम के केवल चार विकेट लिए हों, लेकिन उसे विश्वास है कि भारत की मजबूत बल्लेबाजी को दो बार आउट करने के लिए उसके पास अच्छा आक्रमण है। भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने विकेट पर घास नहीं होने पर हैरानी जताई।
उन्होंने कहा, मुझे आश्चर्य हुआ कि पिच पर घास नहीं है। यह अच्छे विकेट की तरह दिखता है, लेकिन यहां मैदान के एक तरफ हवा चलती है इसलिए गेंदबाजों को थोडा स्विंग मिलेगी। इससे स्पिनरों को भी मदद मिलेगी। धोनी ने साफ किया कि भारत ड्रॉ नहीं बल्कि जीत के लिए खेलेगा। उन्होंने कहा, हमने टेस्ट सीरीज में अब तक जो कुछ किया है वो बहुत महत्व नहीं रखता।
टीमें
भारतः महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), वीरेंद्र सहवाग, गौतम गंभीर, राहुल द्रविड, सचिन, लक्ष्मण, युवराज सिंह, हरभजन सिंह, जहीर खान, ईशांत शर्मा और मुनाफ पटेल।
न्यूजीलैण्डः डेनियल विटोरी (कप्तान), मार्टिन गुप्टिल, टिम मैकिनटोस, डी. फ्लिन, रॉस टेलर, जेसी राइडर, ब्रैंडन मैकुलम, क्रिस मार्टिन, टिम साउथी, इयान ओब्रायन व जेम्स फै्रकलिन।



<< पिछला अगला >>