पटना। आम तौर पर लोग कहते हैं कि इस देश में कुछ भी हो सकता है। अब लीजिए कल ही देशवासियों को मध्य वर्ग का सपना कही जाने वाली एक लाख रुपए वाली कार नैनो देने वाले टाटा मोटर्स के चेयरमैन रतन नवल टाटा के खिलाफ बिहार की राजधानी पटना में मुकदमा दर्ज किया गया है। ताज्जुब की बात यह कि यह मुकदमा इस तर्क के आधार पर किया गया है कि गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी को लोकसभा चुनाव में फायदा पहुंचाने के लिए चुनाव से ऐन पहले नैनो लांच की गई है।
पटना हाईकोर्ट की वकील श्रुति सिंह ने चुनाव के ठीक पहले "नैनो" की लॉन्चिंग को लेकर रतन टाटा पर गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी को राजनीतिक लाभ पहुंचाने का आरोप लगाते हुए मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के सामने मुकदमा किया है। श्रुति के अनुसार चुनाव के दौरान "नैनो" के लॉन्च होने से इसका सीधा फायदा नरेन्द्र मोदी को मिल सकता है, क्योंकि पश्चिम बंगाल में सिंगूर विवाद के बाद "नैनो" प्लांट को गुजरात ले जाया गया है।
श्रुति सिंह ने आरोप लगाया कि रतन टाटा ने "नैनो" की लॉन्चिंग कर नरेन्द्र मोदी को राजनीतिक लाभ पहुंचाने की कोशिश की है। श्रुति का कहना है कि "नैनो" को चुनाव प्रक्रिया पूरी हो जाने के बाद लॉन्च किया जाना चाहिए था। उन्होंने कहा कि "नैनो" के इस समय लॉन्च होने से चुनाव परिणाम प्रभावित हो सकते हैं।
श्रुति ने बताया कि "रतन टाटा की मोदी को फायदा पहुंचाने की कोशिश का पर्दाफाश करने के लिए मैंने यह मुकदमा दर्ज कराया है। चुनाव के दौरान "नैनो" को व्यायवसायिक रूप से लॉन्च कर रतन टाटा लोगों को यह संदेश देना चाहते हैं कि यह सब नरेन्द्र मोदी की वजह से संभव हो पाया। आम चुनाव के परिणामों पर "नैनो" की लॉन्चिंग का प्रतिकूल असर पडने की आशंका है।" उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल के सिंगूर से नैनो प्लांट को गुजरात में स्थानांतरित करने के लगभग पांच महीने बाद सोमवार को मुंबईमें "नैनो" आधिकारिक रूप से लॉन्च किया गया है।



<< पिछला अगला >>