नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव आयोग के सुझाव को ठुकराते हुए आज कहा कि उत्तर प्रदेश में पीलीभीत से वरुण गांधी ही पार्टी के उम्मीदवार होंगे। पार्टी प्रवक्ता बलबीर पुंज ने संवाददाताओं को बताया कि वरुण को लेकर पार्टी नेताओं में आम सहमति है।
भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार लालकृष्ण आडवाणी समेत पार्टी के उच्च नेतृत्व ने वरुण गांधी को पीलीभीत से अपना उम्मीदवार बनाए रखने का निर्णय लिया है। वो पार्टी के लिए चुनाव प्रचार भी करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी का मानना है कि यह चुनाव आयोग के अधिकार क्षेत्र से बाहर है कि वह किसी राजनीतिक दल को निर्देश दें कि कोई व्यक्ति उसका उम्मीदवार नहीं होना चाहिए।
वरूण पर चुनाव आयोग के फैसले को पक्षपातपूर्ण बताते हुए बीजेपी के प्रवक्ता बलवीर पुंज ने कहा है, वरुण गांधी को दोषी करार दिए जाने से पहले अपनी स्थिति स्पष्ट करने का मौका दिया जाना चाहिए था। साथ ही वरूण के जवाब की किसी अन्य पक्ष से जांच कराई जानी चाहिए थी। जबकि ऐसा किए बगैर उन्हें दोषी करार दे दिया गया। यह दुर्भाग्यपूर्ण है।
दूसरी ओर भाजपा नेता प्रकाश जावड़ेकर के अनुसार यह तय करना चुनाव आयोग का काम नहीं है कि किसे चुनाव लड़ना चाहिए। किसी की उम्मीदवारी के बारे में किसी कार्रवाई का निर्णय सिर्फ अदालते ले सकती हैं।
गौरतलब है कि आयोग ने वरूण को भडकाऊ भाषण देने के आरोप में दोषी ठहराया और भाजपा से चुनाव में उन्हें अपना उम्मीदवार नहीं बनाने को कहा।



<< पिछला अगला >>