वडोदरा, गुजरात। परमाणु करार को लेकर वामदलों की समर्थन वापसी के बाद मंझधार में फंसी संप्रग की नैया को पार लगाने वाली समाजवादी पार्टी (सपा) का हालांकि, चुनाव से पहले कांग्रेस से गठबंधन नहीं हो सका। लेकिन "जहां नहीं चैना वहां नहीं रहना" का राग अलापने वाले सपा महासचिव अमर सिंह ने आज साफ कर दिया है कि सपा चुनाव के बाद कांग्रेस से गठजोड कर सकती है।
अमर सिंह ने हरणी एयरपोर्टपर संवाददाताओं से बातचीत के दौरान कहा कि "कांग्रेस बिना सपा की मदद के केन्द्र में सरकार नहीं बना सकती। इसलिए आम चुनाव के नतीजे आने के बाद उत्तर प्रदेश में सपा और कांग्रेस के बीच चुनाव पूर्वगठबंधन नहीं हो पाना कोईमुद्दा नहीं रह जाएगा।"
उन्होंने कहा कि "सपा एक धर्मनिरपेक्ष राजनीतिक पार्टी है और कांग्रेस को सरकार बनाने के लिए हमारी जरूरत पडेगी।" अमर सिंह ने स्पष्ट किया कि सपा चुनाव के बाद कांग्रेस को समर्थन देने के खिलाफ नहीं है।
उल्लेखनीय है कि अमर सिंह गुजरात की सात सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा करने के लिए यहां आए हैं। उन्होंने कहा कि "गुजरात में मेरी पार्टी की स्थिति काफी कमजोर है क्योंकि यहां पर हमारा कोई आधार नहीं है। लेकिन इसके बावजूद सपा राज्य में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए सात सीटों पर उम्मीवार उतारेगी।"



<< पिछला अगला >>