नई दिल्ली। मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में हार के बाद भारतीय जनशक्ति पार्टी (भाजश) की नेता उमा भारती ने राजनीति में उबरने की कोशिशों के तहत आज भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार लालकृष्ण आडवाणी से मुलाकात कर उनके समर्थन में चुनाव प्रचार करने की इच्छा जताई।
आडवाणी से उनके निवास पर मिलने के बाद सुश्री भारती ने संवाददाताओं से कहा कि वह आडवाणी को प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाहती हैं। आडवाणी मौजूदा राजनीतिक दौर के सबसे बडे नेता हैं और वह अगले लोकसभा चुनाव में उनके लिए चुनाव प्रचार करना चाहती हैं।
उल्लेखनीय है कि सुश्री भारती ने हाल ही में आडवाणी को खत लिखकर कहा था कि वह उनके पीएम बनने का पूरा समर्थन करती हैं।
भारती ने हालांकि यह भी कहा कि वह भाजपा में शामिल होने नहीं जा रही हैं। उन्होंने बताया कि गैर भाजपा शासित राज्यों में भाजपा का प्रचार करेंगी। वह खुद चुनाव नहीं लडेंगी और न ही पार्टी के उम्मीदवार खडे करेंगी क्योंकि उनकी पार्टी के पास धन नहीं हैं।
यह पूछे जाने पर कि क्या भाजपा से उनकी नाराजगी खत्म हो गई है तो उन्होंने कहा कि ये प्रसंग अब समाप्त हो गया है। नाराजगी या खुशी से बढकर राष्ट्रहित है।



<< पिछला अगला >>