इस्लामाबादः पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने शुक्रवार को ऐलान कर दिया कि राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी अपना कार्यकाल पूरा करने से पहले ही इस पद से रुखसत हो जाएंगे। पाकिस्तान में जो राजनीतिक संकट गहराया हुआ है, उसमें शरीफ का यह बयान काफी मायने रखता है क्योंकि शरीफ के लांग मार्च ने पूरे पाकिस्तानी अवाम को सरकार के खिलाफ एकजुट होने के लिए प्रेरित कर दिया है और वकीलों के आंदोलन के रूप में शुरू हुआ यह लांग मार्च अगले कुछ ही वक्त में बड़ा आंदोलन बन सकता है।
नवाज शरीफ ने दावा किया है कि राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी अपना 5 साल का कार्यकाल पूरा नहीं कर पाएंगे। मुख्य विपक्षी दल पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज यानी पीएमएल-एन के नेता नवाज शरीफ ने एक टेलीविजन चैनल के साथ इंटरव्यू के दौरान यह दावा किया।
हालांकि उन्होंने इस बारे में कोई ब्योरा नहीं दिया। साथ ही उन्होंने जरदारी पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले को प्रभावित करने का भी आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की जनता को उन जजों पर भरोसा नहीं है, जिन्होंने उन्हें तथा उनके भाई को चुनाव लड़ने से रोक दिया है। शरीफ ने कहा कि प्रधानमंत्री गिलानी को उन जजों को बहाल करना चाहिए, जिन्हें 2007 में आपातकाल के दौरान हटा दिया गया था।



<< पिछला अगला >>