तिरूवनंतपुरम। राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा मोर्चा गठित होने के एक दिन बाद ही केरल में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने आज माक्र्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की ज्यादती के विरोध में लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (एलडीएफ) से नाता तोड लेने की धमकी दे डाली। दोनों दलो के बीच पोन्नानी सीट को लेकर मतभेद सामने आ गए हैं।
भाकपा इस सीट से अपना उम्मीदवार खडा करना चाहती है जबकि माकपा ने निर्दलीय प्रत्याशी को उतारने की एकतरफा घोषणा की है।
पार्टी की राज्य इकाई के सचिव वेलियम भार्गवन ने संवाददाताओं से कहा कि यदि माकपा केरल में हमारी सीटों पर कब्जा करती है तो हम केरल कांग्रेस और जनता दल को आवंटित दो सीटों को छोडकर राज्य में 18 सीटों पर लडने जा रहे हैं।
माकपा की ओर से पोन्नानी लोकसभा सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार की एकतरफा घोषणा किए जाने के बाद एलडीएफ में यह संकट पैदा हो गया है क्योंकि यह सीट भाकपा को दी गई थी।
भार्गवन ने साफ लहजे में कहा कि भाकपा वाम मोर्चे की एकता को और मजबूत करना चाहती है इसलिए वह मूकदर्शक बनकर नहीं रह सकती।
उन्होंने कहा कि माकपा को यह भरोसा दिलाना चाहिए राज्य में एलडीएफ का अस्तित्व है लेकिन वह गठबंधन को मजबूत बनाने के बजाए उसे तोडने की कोशिश कर रही है।



<< पिछला अगला >>