नई दिल्ली। वैश्विक मंदी और बढती बेकारी के बीच भारतीय ऑटोमोबाइल निर्माता संघ (सियाम) की ओर से जारी फरवरी माह के बिक्री आंकडों ने सबको चौंका दिया है। इन आंकडों के अनुसार फरवरी में कारों की बिक्री में 21.77 फीसदी की बढोतरी दर्ज की गई है, जो चालू वित्त वर्ष में किसी माह में प्राप्त की गई सबसे अधिक बढोतरी है। इस दौरान कम्पनियों ने एक लाख से अधिक कारें बेची हैं। मंदी से देश के सभी औद्योगिक क्षेत्र त्रस्त हैं और खासतौर से इसका असर रियल एस्टेट, स्टील व ऑटोमोबाइल क्षेत्र में माना जा रहा है।
सियाम के आंकडों के अनुसार फरवरी, 2009 में 115386 कारों की बिक्री की गई, जबकि पिछले वर्ष फरवरी में ही यह बिक्री 94757 कारों की थी। सियाम के निदेशक जनरल दिलीप चिनाय का कहना है कि इस दौरान बाजार में वाहन खरीदने के लिए वित्तीय सुविधा में सुधार हुआ है। इसका असर बिक्री पर साफ दिखाई दे रहा है।
कारों के साथ दुपहिया वाहन बाजार के लिए भी फरवरी का महीना अच्छा रहा। इस दौरान दुपहिया वाहनों की बिक्री 16.23 प्रतिशत बढकर 630849 इकाई के स्तर पर पहुंच गई, जबकि फरवरी, 2008 में यह बिक्री 542757 थी। फरवरी में मोटर साइकिलों के बाजार ने फिर उम्मीदें जगाई हैं। फरवरी में मोटर साइकिलों की बिक्री 15.6 प्रतिशत बढकर 4.91 लाख रही।
इस अवधि में तिपहिया वाहनों की घरेलू बाजार में बिक्री 28 हजार 544 की तुलना में 29 हजार 989 वाहन रही जो 5.06 प्रतिशत वृद्धि दर्शाती है।
मारूति, हुंडई व हीरो होंडा ने मारी बाजी
फरवरी में अपने-अपने क्षेत्र की प्रमुख कम्पनियों ने अच्छी वृद्धि दर्ज की। इनमें दिग्गज कार निर्माता मारूति सुजुकी ने फरवरी में 19 प्रतिशत बढोतरी के साथ 70625 कारें बेची। इसी तरह दूसरी बडी कार निर्माता कम्पनी हुंडई मोटर इण्डिया ने रिकॉर्ड 45.3 प्रतिशत वृद्धि के साथ 14600 की तुलना में 21215 कारें बेंची। दुपहिया वाहन बाजार की दिग्गज हीरो होंडा ने इस दौरान 24 प्रतिशत बढोतरी दर्ज करते हुए 3.29 लाख वाहन बेचने में सफलता हासिल की। हालांकि व्यावसायिक वाहनों की बिक्री में इस दौरान गिरावट दर्ज की गई है।
होंडा सीआरवी की कीमत 3.54 लाख बढी
नई दिल्ली। रूपए में गिरावट और डॉलर की तुलना में जापानी येन में मजबूती को देखते हुए प्रीमियम कार निर्माता होंडा सिएल कार्स इण्डिया ने सोमवार को अपने सभी मॉडलों के दामों में 20 प्रतिशत तक वृद्धि करने की घोषणा की है। इसके साथ ही होंडा कारें 30 हजार से 1.01 लाख रूपए तक महंगी हो जाएंगी।
इसमें सबसे खास बात यह है कि अब होंडा सीआरवी का दाम तीन लाख 54 हजार रूपए बढ जाएगा। कम्पनी इस मॉडल को आयात कर भारतीय बाजार में बेचती है। होंडा सिटी, सिविक और सीआरवी मॉडलों के दामों में वृद्धि एक अप्रेल से प्रभावी होगी, जबकि एकॉर्ड मॉडल की कीमत 16 मार्च से बढ जाएगी।



<< पिछला अगला >>