इस्लामाबादः किसी ने ठीक ही कहा है कि कई बार आदमी की कद्र उसके चले जाने के बाद होती है। जब परवेज मुशर्रफ पाकिस्तान के शासक थे तब पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ उन्हें पानी पी-पीकर कोसते थे। लेकिन आज जब पाकिस्तान आतंकवादियों के कब्जे में जाता दिख रहा है और सब ओर हाहाकार मचा हुआ है तो शरीफ को मुशर्रफ की भलाई याद आ रही है। मियां नवाज कह रहे हैं कि वर्तमान पाकिस्तानी राष्ट्रपति आसिफ अली ज़रदारी से बेहतर तो इससे पूर्व के राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ ही इसे चला रहे थे।
नवाज शरीफ ने गुरुवार को कहा कि इससे अच्छे तो मुशर्रफ ही थे। शरीफ का कहना है कि ज़रदारी तो मुशर्रफ से भी बड़ी गल्तियां कर रहे हैं।
इसी तरह सीआईए के पूर्व एजेंट माइकल शियूर ने भी कहा है कि मुशर्रफ के शासनकाल में पाकिस्तान ज्यादा सुरक्षित था। माइकल का कहना है कि पश्चिमी देशों के दबाव के आगे मुशर्रफ को अपना पद छोड़ना पड़ा लेकिन इससे पाकिस्तान एक खतरनाक मोड़ पर जा पहुंचा।
उन्होंने कहा कि श्रीलंकाई क्रिकेटरों पर हमले की एक वजह यह भी है कि पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने सरहदी सूबे में तालिबान के साथ समझौता करके एक तरह से हथियार डाल दिए हैं। इससे आतंकवादी संगठनों को यह इशारा मिल गया है कि पाकिस्तान पर हमला करना बेहद आसान हो गया है।



<< पिछला अगला >>