मुंबई। टाटा समूह के चेयरमैन रतन टाटा की महत्वाकांक्षी कार यानी आम आदमी के सपनों की लखटकिया कार "नैनो" आखिरकार बाजार का रुख करने को है। टाटा मोटर्स के अध्यक्ष रतन टाटा ने गुरुवार को "नैनो" की लॉन्चिंग की घोषणा कर दी है। "नैनो" 23 मार्च को मुंबई में लॉन्च होगी और अप्रैल के दूसरे सप्ताह से इसकी बुकिंग शुरू हो जाएगी।
इससे पहले पश्चिम बंगाल के सिंगूर में टाटा ने नैनो के लिए फैक्ट्री लगाई थी लेकिन राजनीतिक विरोध के कारण टाटा को अपनी फैक्ट्री गुजरात ले जानी पड़ी. अब टाटा की नैनो गुजरात में बन रही है। आम जनता नैनो को अप्रैल के बाद ही खरीद पाएंगे। टाटा मोटर्स की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि "यह कार टाटा मोटर्स के डीलरों के यहां अप्रेल 2009 के पहले सप्ताह से दिखने लगेगी।"
रतन टाटा ने पिछले साल ही "नैनो" को दिल्ली एक्सपो में उतारा था। "नैनो" पिछले साल सितंबर-अक्टूबर में बाजार में उतारे जाने की संभावना थी लेकिन पश्चिम बंगाल के सिंगूर में "नैनो" के उत्पादन के लिए लगाए गए प्लांट को लेकर हुए विवाद के बाद रतन टाटा को "नैनो" प्लांट गुजरात में शिफ्ट करना पडा। जिसकी वजह से आम आदमी की कार पूर्वनिर्धारित समय पर बाजार में नहीं उतर सकी।
"नैनो" के मुंबई में लॉन्च होने की खबर के साथ ही अब इसका इंतजार भी लगभग समाप्त हो गया है। बताया जा रहा है कि "नैनो" के लिए बुकिंग स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) के जरिए की जाएगी। हालांकि, "नैनो" को घर लाने के लिए थोडा और इंतजार करना पड सकता है। फिलहाल "नैनो" पंतनगर प्लांट से बाजार में पहुंचाईजा रही है और इसका उत्पादन काफी कम है।
1500 रूपए में घर आएगी "नैनो"
अब आम आदमी के कार का सपना केवल 1500 रूपए की ईएमआईमें पूरा हो सकता है। सूत्रों के अनुसार एसबीआई"नैनो" के लिए 60-70 हजार रूपए तक का लोन देने को तैयार है। ऎसे में "नैनो" के लिए यदि पांच साल की समयावधि के आधार पर लोन लिया जाता है तो केवल 1500-2000 रूपए की किस्त चुकाकर "नैनो" को घर लाया जा सकता है।
सबसे पहले प्रतिभा पाटील को
बताया जा रहा है कि "नैनो" सबसे पहले राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील को भेंट की जाएगी। इस तरह प्रतिभा पाटील "नैनो" की पहली मालकिन बनेंगी। उसके बाद प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और सचिन तेन्दुलकर सहित कई बडी हस्तियों को भी "नैनो" कार तोहफे में दी जाएगी। "नैनो" की मांग को देखते हुए आम आदमी को इसकी बुकिंग और उसे घर लाने के लिए लंबी लाइन लगानी पड सकती है।



<< पिछला अगला >>