नई दिल्ली। भारत ने आज कहा कि मुंबई आतंकी हमलों की जांच के लिए पाकिस्तान को जो भी जरूरी जानकारी होगी वह उसे मुहैया कराएगा। लेकिन, उसने इस आतंकी हमलों की दोनों देशों द्वारा संयुक्तजांच की संभावना को खारिज कर दिया है। विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी ने आज संवाददाताओं से बातचीत में यह बात कही।
मुखर्जी भारत स्थित पाकिस्तान उच्चायुक्तशाहिद मलिक, विदेश सचिव शिव शंकर मेनन से मुलाकात के बाद संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे। बातचीत में मुंबई हमलों पर पाकिस्तान के जवाब पर मुख्य तौर पर चर्चा हुई।
मुखर्जी ने कहा कि भारत इस मामले में जहां भी जरूरी होगा, सहयोग करेगा। लेकिन, पाकिस्तान द्वारा जांच में भारत से सहयोग मांगे जाने का कोई भी आग्रह आधिकारिक चैनल से ही होना चाहिए।
एक अन्य सवाल के जवाब में मुखर्जी ने कहा कि जहां तक इस मामले की संयुक्तजांच का ताल्लुक है, पहले ही पाकिस्तान को बताया जा चुका है कि भारत मामले की तहकीकात कर रहा है। मुंबई आतंकी हमलों में पाकिस्तानियों का हाथ होने के भारत द्वारा पाकिस्तान को सबूत दिए जाने के बाद पाकिस्तान ने भारत से इस बारे में 30 सवालों की एक सूची दी थी।
भारत ने कहा है कि वह इन सवालों का अध्ययन कर रहा है। जो भी सूचना होगी वह उसे पाकिस्तान को उपलब्ध कराई जाएगी।



<< पिछला अगला >>