इस्लामाबाद। आखिरकार पाकिस्तान ने आज मान लिया कि मुंबई हमलों की साजिश का एक हिस्सा उसके मुल्क में भी रचा गया। पाक के आतंरिक सुरक्षा मंत्री रहमान मलिक ने आज संवाददाता सम्मेलन में कहा कि मुंबई हमलों की साजिश का एक हिस्सा पाकिस्तान में भी रचा गया।
भारत द्वारा सौंपे गए सबूतों पर पिछले कई दिनों से टालमटोल कर रहे पाक ने अंतत: भारत को आधिकारिक तौर पर अपनी जांच रिपोर्ट सौंप दी है। मलिक ने कहा कि मुंबई हमलों की जांच में वो भारत के साथ है लेकिन इस मामले में पाक को भारत के पूरे सहयोग की जरूरत है।
उन्होंने मुंबई हमलों की निंदा करते हुए कहा कि हम दुनिया को बता देंगे कि आतंकवाद के खिलाफ हैं। उन्होंने कहा कि हमलों के दोषियों को कडी सजा दी जाएगी।
मलिक ने इस बात की भी पुष्टि कर दी कि मुंबई हमलों में पकडे गए एकमात्र जीवित आतंककारी अजमल आमिर कासब के अलावा अन्य नौ आरोपियों के खिलाफ इस्लामाबाद में मुकदमा दर्ज किया गया है।
उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ पाक में एंटी टेरेरिज्म एक्ट और साइबर क्राइम के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।



<< पिछला अगला >>