न्यूयार्क : अपनी अमेरिका यात्रा के तहत न्यूयार्क पहुंचे गृहमंत्री पी. चिदम्बरम को फेडरल ब्यूरो आफ इन्वेस्टीगेशन (एफबीआई) और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों ने न्यूयार्क में मुम्बई जैसे हमलों को रोकने के लिए पुलिस द्वारा उठाए गए कदमों की जानकारी दी। अमेरिका की चार दिवसीय यात्रा के पहले चरण में मंगलवार को न्यूयार्क पहुंचे चिदम्बरम को एफबीआईए खुफिया एवं सुरक्षा एजेंसियों तथा न्यूयार्क पुलिस ने शहर को सुरक्षा कवच से लैस करने के लिए उठाए गए कदमों के बारे में बताया।
हजारों यात्रियों की आवाजाही की सुविधा मुहैया कराने वाले पेन रेलवे स्टेशन पर चहलकदमी से लेकर न्यूयार्क पुलिस की ब्रीफिंग के दौरान चिदम्बरम और उनके सहयोगियों को इस बात की जानकारी दी गई कि न्यूयार्क जैसे अत्यंत विशाल शहर को उसके निवासियों के लिए ज्यादा परेशानी पैदा किए बगैर आतंकवादियों से कैसे सुरक्षित किया जा सकता है।
चिदम्बरम को स्टेट आईलैंड पर तटरक्षक बल की भूमिका के बारे में भी बताया गया। पिछले साल 26 नवम्बर को मुम्बई में हमला करने वाले आतंकवादियों के समुद्र के रास्ते शहर में दाखिल होने के मद्देनजर चिदम्बरम और उनके सहयोगियों के लिए यह जानकारी अहम मानी जा सकती है। तटीय सुरक्षा को अब न्यूयार्क के आतंकवाद रोधी तंत्र का अभिन्न अंग माना जाता है।



<< पिछला अगला >>