नई दिल्ली : बिहार की राजधानी पटना के खगौल इलाके में एक नाबालिग लड़की के यौन शोषण तथा उसके माता-पिता द्वारा उसे घर में जंजीरों से बांध देने के मामले में राष्ट्रीय बालक अधिकार संरक्षण आयोग ने नाराजगी जाहिर करते हुए प्रदेश के पुलिस महानिदेशक से इस संबंध में जवाब तलब किया है।
राष्ट्रीय बालक अधिकार संरक्षण आयोग की सदस्य संध्या बजाज ने आज बताया कि आयोग ने इस मामले में स्वतः संज्ञान लेते हुए बिहार सरकार के पुलिस महानिदेशक को पत्र लिख कर इस संबंध में दस दिन के भीतर जवाब तलब किया है।
उन्होंने कहा कि मीडिया में आई खबर के आधार पर आयोग ने इस मामले में स्वतः संज्ञान लिया। खबर के अनुसार, बच्ची का बार-बार यौन शोषण होने के बाद उसके माता-पिता ने उसे घर में जंजीरों से बांध दिया।
संध्या ने कहा, ''11 साल की नाबालिग लड़की का यौन शोषण होना बाल अधिकारों का घोर उल्लंघन है। इससे आयोग चिंतित है।' पत्र के अनुसार, आयोग ने प्रदेश के पुलिस महानिदेशक से यह भी पूछा है कि इस मामले में दोषियों के खिलाफ कानून की संबंधित धाराओं के अधीन मामला दर्ज किया गया है या नहीं।
आयोग ने पत्र में महानिदेशक से यह भी पूछा है किए लड़की की उचित चिकित्सा जांच कराई गई अथवा नहीं। प्रदेश के पुलिस महानिदेशक से यह भी पूछा गया है कि लड़की को सदमे से निकालने के लिए उसे उचित काउंसलिंग मुहैया कराई गई है या नहीं।



<< पिछला अगला >>