वाशिंगटन : अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने जापान के नवनिर्वाचित नेता से पहली बार फोन पर बातचीत की। बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने साझीदारी को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा की।
ओबामा और हातोयामा के बीच यह बातचीत ऐसे समय में हुई है, जब इस बात के कयास लगाए जा रहे थे कि जापान की नई सरकार खुद को अमेरिका से दूर रख सकती है।
हातोयामा डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ जापान के अध्यक्ष हैं। इस दल ने देश में हालिया संपन्न संसदीय चुनाव में जोरदार जीत हासिल की है और हातोयामा देश के अगले प्रधानमंत्री होंगे। व्हाइट हाउस ने बयान जारी कर कहा,''राष्ट्रपति ओबामा और हातोयामा ने जापान अमेरिका गठबंधन पर अधिक जोर दिया है।'
दोनों नेताओं की इच्छा इस भागीदारी को और अधिक प्रभावी बनाने की है। ओबामा ने हातोयामा को उनकी भारी जीत पर बधाई देते हुए जापान की नई सरकार के साथ वैश्विक अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, जलवायु परिवर्तन का मुकाबला करने, कोरियाई प्रायद्वीप में निरस्त्रीकरण करने, अफगानिस्तान में अलकायदा और उसके सहयोगियों को मात देने तथा शांति और भाईचारा स्थापित करने की दिशा में काम करने इच्छा जताई। इस बयान में यह भी कहा गया है कि राष्ट्रपति ने कहा कि न्यूयार्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक के दौरान और समूह बीस सम्मेलन के दौरान वह मिस्टर हातोयामा से मिलने का इंतजार कर रहे हैं।



<< पिछला अगला >>