वॉशिंगटन: आंध्र प्रदेश के हैदराबाद निवासी एक 22 वर्षीय भारतीय छात्र की अमेरिका में एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। राइट स्टेट यूनिवर्सिटी में एमएस (ईई)के फर्स्ट ईयर का छात्र नरेश दाचा मंगलवार सुबह अपने दोस्त वरूण के साथ घर से यूनिवर्सिटी जा रहे था कि ओहायो के डेटोन में उसकी कार एक पेड़ से जा टकराई।
हादसा सुबह करीब साढ़े पांच बजे हुआ। एक बिल्ली को बचाने के चक्कर में नरेश स्टेरियरिंग से नियंत्रण खो बैठा और कार पेड़ से जा टकराई। आगे की सीट पर नरेश के साथ बैठे वरूण को मामूली चोटें आई हैं और वह सुरक्षित है। तेलुगू एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ अमेरिका के अध्यक्ष पद पर नामित प्रसाद थोटाकुरा के मुताबिक, ''हमने नरेश के माता-पिता को सूचित कर दिया है। हम नरेश के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द हैदराबाद भिजवाने के लिए सभी जरूरी प्रबंध कर रहे हैं।'
नरेश ने वर्ष 2008 में नलगौंडा जिले के अरोड़ा इंजीनियरिंग कॉलेज, भुवानगिरी से बीटेक किया था और इसी वर्ष जनवरी में उसने राइट स्टेट यूनिवर्सिटी में दाखिला लिया था। उसके माता पिता और भाई हैदराबाद में रहते हैं। संगठन के अध्यक्ष जयराम कोमती ने कहा, 'सड़क हादसे में इस प्रकार एक प्रतिभाशाली युवा छात्र की मौत बेहद दुखद है।' नरेश के पिता भास्कर दाचा बेहद सदमे में हैं और उन्होंने अपने बेटे के अंतिम दर्शन करने के लिए उसके शव को हैदराबाद मंगवाने के लिए संगठन से मदद की अपील की है।



<< पिछला अगला >>