पटना: भले ही शिक्षा का प्रसार तेजी से हो रहा है लेकिन आज भी अंधविश्वास कई लोगों के दिमाग में घर बनाए हुए है। इसका उदाहरण बिहार के औरंगाबाद जिले में देखा जा सकता है। यहां एक आवासीय विद्यालय कथित ''भूत-प्रेत' के डर से पिछले एक महीने से बंद है।
शिक्षा विभाग के एक अधिकारी के अनुसार नवीनगर प्रखंड स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय विभाग के एक भवन में चल रहा था लेकिन एक महीने पूर्व वहां की कुछ छात्राएं रात को अचानक चिल्लाने लगती थीं। इसकी सूचना छात्रावास के वार्डन ने तत्काल जिला शिक्षा अधीक्षक को दी।
अधिकारी के अनुसार जिला शिक्षा अधीक्षक ओंकार प्रसाद सिंह ने मामले की जांच प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को करने का आदेश दिया। जांच के बाद जिला शिक्षा अधीक्षक ने विद्यालय को अगले आदेश तक बंद रखने का आदेश दे दिया।
औरंगाबाद के जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने बताया कि एक माह पूर्व इस आवासीय विद्यालय में कुछ छात्राओं ने भूत-प्रेत होने की अफवाह फैला दी थी, जिसके बाद कई छात्राएं यहां से चली गईं। हालात की नजाकत को भांपते हुए जिला शिक्षा अधीक्षक ने विद्यालय को बंद करने का आदेश दिया था।
कुमार ने बताया कि जिला शिक्षा अधीक्षक प्रशिक्षण के सिलसिले में राज्य से बाहर हैं, उनके आते ही विद्यालय को दोबारा खोलने की कवायद प्रारंभ की जाएगी।



<< पिछला अगला >>