श्रीनगर : उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा जिले में आतंकवादियों के साथ संघर्ष में आज सेना का एक मेजर और जवान शहीद हो गए। अधिकारियों ने कहा कि मेजर जेएस सूरी और नायक रैंक का एक जवान यहां से 30 किलोमीटर दूर बोनियारी-सुंबल गांव में आतंकवादियों से संघर्ष के लिए गए।
गुप्त सूचना के आधार पर मेजर के नेतृत्व में सेना के दल ने एक घर पर धावा बोला जहां मंगलवार शाम आतंकवादी छिपे हुए थे। दल के अन्य सदस्य बाहर आ गए लेकिन यह दोनों आतंकवादियों की भारी गोलीबारी में फंस गए। रात भर की शांति के बाद आतंकवादियों ने आज सुबह गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस के साथ मिलकर सेना ने रात के समय घर के चारों ओर घेराबंदी मजबूत कर दी ताकि आतंकवादी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग न जाएं।
बारामूला जिले में एक अन्य मुठभेड़ में सेना के दो जवान शहीद हो गए और दो आतंकवादी मारे गए। अधिकारियों ने कहा कि मुठभेड़ तब शुरू हुई जब 32 राष्ट्रीय राइफल्स के जवानों का आतंकवादियों के एक समूह से सामना हो गया। उन्होंने कहा कि शुरुआती संघर्ष में तीन सिपाही घायल हो गए जिनमें दो की मौत हो गई।
उन्होंने कहा कि इलाके की जांच के दौरान दो आतंकवादियों के शव बरामद किए गए। उनकी पहचान का प्रयास जारी हैं।



<< पिछला अगला >>