वाशिंगटन : अमेरिका ने कहा कि सऊदी अरब के मंत्री शहजादा मुहम्मद बिन नईफ पर हाल में हुआ जानलेवा हमला अल कायदा के लगातार बने खतरे की तरफ संकेत करने के साथ-साथ आतंकवाद के खिलाफ अमेरिका और उसके क्षेत्रीय साझेदारों के बीच मजबूत सहयोग की अहमियत की तरफ भी इशारा करता है। व्हाइट हाउस के प्रेस सेक्रेटरी राबर्ट गिब्स ने आज यहां एक बयान में कहा कि अमेरिकी सरकार सऊदी अरब के सहायक गृहमंत्री शहजादा मुहम्मद बिन नईफ पर पिछले हफ्ते हुए कायरतापूर्ण हमले की कड़ी निंदा करती है।
अरब प्रायदीप में सक्रिय अल कायदा ने 28 अगस्त को हुए इस नाकाम हमले की जिम्मेदारी ली है। सऊदी अरब के शाह अब्दुल्ला के भतीजे शहजादा मोहम्मद सौभाग्य से जिंदा बच गए थे। अमेरिका ने सऊदी अरब के एक मंत्री पर पिछले हफ्ते हुए आतंकवादी हमले की निंदा करते हुए आज ओसामा बिन लादेन की अगुवाई वाले संगठन अल कायदा को खत्म करने की प्रतिबद्धता दोहराई। गिब्स ने कहा, ''शहजादा मुहम्मद पर हमला अल कायदा के खतरे के बरकरार रहने की तरफ इशारा करता है। साथ ही इससे आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में अमेरिका और क्षेत्रीय साझेदारों के बीच मजबूत सहयोग की जरूरत का भी अहसास होता है।'
गिब्स ने कहा, 'राष्ट्रपति बराक ओबामा ने सऊदी अरब के शाह अब्दुल्ला से अपनी हर मुलाकात में सुरक्षा सहयोग पर बात की थी जिसमें उन्होंने अल कायदा को ध्वस्त करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की थी।'
उन्होंने कहा, 'शहजादा मुहम्मद अल कायदा के खिलाफ सऊदी अरब की लड़ाई के उत्साही नेता हैं। हम शुक्रगुजार हैं कि शहजादा मुहम्मद इस हमले में बच गए। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने शहजादा मुहम्मद के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।'



<< पिछला अगला >>