मोगादिशु| सोमालिया की राजधानी मोगादिशु के बाहरी इलाके में एक शरणार्थी शिविर के नजदीक एक अज्ञात ड्रोन विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक अफ्रीकी संघ की शांति सेना के प्रवक्ता पैडी अकुंडा ने बताया, "एक ड्रोन विमान या मानवरहित हवाई यान बाडबाडो शिविर के नजदीक दुर्घटनाग्रस्त हो गया है लेकिन हमें नहीं पता कि यह किसका विमान था।"
दक्षिणी सोमालिया में सूखे और विनाश के बाद विस्थापित हुए परिवार इस शिविर में रह रहे हैं।
प्रवक्ता ने ड्रोन हमले से किसी के हताहत होने या अन्य प्रकार के नुकसान की कोई जानकारी नहीं दी है।
अमेरिका व अन्य देशों की सेना युद्ध प्रभावित सोमाली प्रायद्वीप में आतंकवादियों को निशाना बनाने के लिए इस तरह के विमानों का इस्तेमाल करती है।
जनवरी में ऐसे ही एक ड्रोन हमले में इस्लामी समूह अल-शबाब का एक शीर्ष कमांडर मारा गया था।

