धर्मशाला: तिब्बतियों के धर्मगुरु दलाई लामा ने शनिवार को अंतरराष्ट्रीय समुदाय से कहा कि तिब्बतियों की दुर्दशा के बारे में जानना हो तो चीन का दौरा कीजिए। उन्होंने कहा कि अगर तिब्बतियों के बारे में चीन की बातें सही हुईं तो वे माफी मांग लेंगे।
तिब्बत की निर्वासित सरकार की वेबसाइट पर जारी एक खबर के अनुसार दलाई लामा ने जापान में संवाददाताओं से आग्रह किया कि वे चीन और तिब्बत जाकर वास्तविक वस्तुस्थिति की जांच करें। उन्होंने कहा, "मैं अंतरराष्ट्रीय समुदाय से पुरजोर आग्रह करता हूं, खासतौर से मीडिया से कि चीन और तिब्बत में जाइए और स्थिति की सच्चाई की जांच कीजिए।"
दलाई लामा शिकोकू बुद्धिस्ट एसोसिएशन और ओकिनावा महाबोधि एसोसिएशन के निमंत्रण पर शुक्रवार से जापान की नौ दिवसीय यात्रा पर हैं।
दलाई लामा ने फॉरेन करेस्पांडेंट्स क्लब ऑफ जापान में संवाददाताओं से कहा, "वहां जाने के बाद यदि आप पाते हैं कि चीन सरकार तिब्बतियों के बारे में जो कह रही है, वह सही है तो मैं अपनी सारी गतिविधियां बंद कर दूंगा और उनसे माफी मांग लूंगा।"



<< पिछला अगला >>