नई दिल्ली। कांग्रेस नीत संप्रग सरकार से बसपा की समर्थन वापसी को एकतरफा फैसला बताते हुए कांग्रेस ने कहा है कि इससे सरकार की सेहत पर कोई असर पड़ने वाला नहीं है। पार्टी ने समर्थन वापसी के लिए उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री व बसपा सुप्रीमो मायावती द्वारा गिनाए गए कारणों को भी सिरे से खारिज कर दिया है।
पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व उप्र के प्रभारी दिग्विजय सिंह ने प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि '''यह बहनजी का फैसला है, उनका अपना विवेक है, लेकिन इससे सरकार की सेहत पर कोई फर्क नहीं पड़ने वाला।' जहां तक मुद्दों का सवाल है तो महंगाई के कारण विदेशी आयात से जुड़े हैं और यह इस समय भारत ही नहीं अंतरराष्ट्रीय चिंता का विषय है।
दिग्विजय सिंह ने कहा कि मायावती ने महंगाई रोकने के लिए खुद तो कुछ किया नहीं, बस केंद्र पर आरोप मढ़ दिया है। कम से कम अपने यहां कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ तो कार्रवाई करतीं।
उन्होंने कहा कि जहां तक मायावती के खिलाफ मामलों का सवाल है तो इनसे केंद्र या कांग्रेस का कोई लेना-देना नहीं हैं। यह सब मामले न्यायालय के विचाराधीन हैं।
उन्होंने कहा कि अगर मायावती के समर्थन वापसी का फैसला कसौटी पर जांचा जाए तो यह पूरी तरह से उनका अपना फैसला है और उन्होंने अकेले लिया है। केंद्र पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा।



<< पिछला अगला >>