नई दिल्ली: शाहरूख खान के आईपीएल-3 में पाकिस्तानी खिलाडि़यों के शामिल करने संबंधी बयान को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। पहले शिवसेना किंग खान के पीछे हाथ धोकर पड़ी थी, अब विश्व हिदू परिषद् (विहिप) ने इस मामले में नया तड़का लगा दिया है। अब महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण भी खुलकर शाहरूख के पक्ष में खड़े हो गए हैं।
सोमवार को अशोक चव्हाण ने विहिप को चुनौती दे डाली कि वह शाहरुख खान की आगामी फिल्म ‘माई नेम इज खान’ के प्रदर्शन को रोक कर दिखाए। चव्हाण ने कहा है विहिप की चुनौती के बाद अब वे खुद परिवार सहित इस फिल्म को देखने जाएंगे।
चव्हाण ने नई दिल्ली में पत्रकारों से कहा, ‘कोई भी व्यक्ति कानून को अपने हाथ में नहीं ले सकता। यदि किसी भी व्यक्ति ने इस तरह की धमकी जारी की, तो हम उसके खिलाफ कार्रवाई करेंगे। कानून अपना काम करेगा, वे जो कहते हैं उन्हें वह कहने दीजिए।’ उन्होंने यह भी कहा, ‘मैं भी अपने परिवार के साथ फिल्म देखने जाऊंगा।’
गौरतलब है कि विहिप नेता प्रवीण तोगड़िया ने गुवाहाटी में देश की जनता से आह्वान किया है कि वह देश भर में इस फिल्म के प्रदर्शन का बहिष्कार करे। तोगड़िया ने शाहरूख को देशद्रोही करार देते हुए कहा था, ‘देश की जनता को माई नेम इज खान का विरोध करना चाहिए क्योंकि शाहरुख खान देशद्रोही है। वह पाकिस्तानी एजेंट है।’ उन्होंने कहा कि फिल्म के पोस्टर फाड़ दिए जाएंगे।
विहिप की यह धमकी ऐसे समय में आई है, जब शिवसेना ने एक दिन पहले ही ‘माई नेम इज खान’ के प्रदर्शन का विरोध न करने की घोषणा की थी। गौरतलब है कि माई ‘नेम इज खान’ 12 फरवरी को रिलीज होने जारी है। करन जौहर निर्देशित इस फिल्म में लंबे समय के बाद एक बार फिर शाहरुख खान और काजोल की सुपर हिट साथ आ रही है।




<< पिछला अगला >>