बड़बोली शिवसेना कितने पानी में है ये शुक्रवार को उस समय पता चल गया जब कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी मुंबई पहुंचे और बड़े-बड़े बयान देने वाली शिवसेना कुछ भी करने में नाकाम रही। राहुल गांधी मुंबई में मुंबईकर बनकर पहुंचे। उन्होंने लोकल ट्रेन में सफर भी किया और टिकट लेने के लिए एटीएम से पैसे भी निकाले। और आज शाहरूख खान भी स्वदेश लौट रहे हैं। शिवसेना अब अपने पहले दिए गए बयान से पूरी तरह पलट गई है। शिवसेना ने अब कहा है कि जब तक शाहरूख माफी नहीं मांगते तब तक उनकी फिल्म को रिलीज नहीं होने देंगे।
शिवसेना ने कहा कि हम शाहरूख के खिलाफ विरोध जारी रखेंगे। यह पूछने पर कि शिवसेना के मुखपत्र सामना में तो बाल ठाकरे ने कहा था कि शाहरुख की फिल्म रिलीज से हमें कोई मतलब नहीं है। इस पर शिवसेना ने कहा कि 'सामना' में छपे लेख को गलत समझा गया है।
मालूम हो कि शुक्रवार को राहुल गांधी के मुंबई दौरे में शिवसेना कुछ न कर पाने के काऱण अपना सा मुंह लेकर रह गई थी और उसने कहा था कि वो शाहरुख की फिल्म ‘माई नेम इज खान’ का विरोध नहीं करेगी। शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे ने सामना में लिखा था कि कांग्रेस के आशीर्वाद से देश द्रोहियों तुमने जो करना है करो - हम तुम्हारे पीछे क्यों सर फोड़े। शिवसेना फिल्म का विरोध नहीं करेगी और जितने दिन फिल्म चलनी है चलाओ।
गौरतलब है कि आईपीएल में पाकिस्तानी खिलाड़ियों को खिलाए जाने की इच्छा जताने के बाद शिवसेना व शाहरूख खान के बीच वाक युद्ध शुरु हो गया था। शिवसेना ने शाहरूख को धमकी दी और उनकी फिल्म के पोस्टर भी जलाए। इतना ही नहीं शिवसेना ने शाहरूख को गद्दार तक कह डाला।




<< पिछला अगला >>