नई दिल्ली: केंद्र की संप्रग सरकार ने भड़काऊ भाषण के मामले में आरोपी और उत्तर प्रदेश के पीलीभीत से भाजपा सांसद वरुण गांधी की सुरक्षा बढ़ाने से इनकार कर दिया है। सरकार ने वरुण की मां और आंवला से भाजपा सांसद मेनका गांधी के उन आरोपों को भी खारिज कर दिया है, जो उन्होंनें प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को लिखे पत्र में लगाए थे। मेनका ने आरोप लगाया था कि गृह मंत्रालय वरुण को मिल रही धमकियों को गंभीरता से नहीं ले रहा है।
फोटो: ''वाई' श्रेणी की सुरक्षा से ही गुजारा करना पड़ेगा वरुण को
भाजपा ने भी संसद में मंगलवार को वरुण की सुरक्षा बढ़ाने का मुद्दा उठाया। लोकसभा में पार्टी की उपनेता सुषमा स्वराज ने कहा कि वरुण गांधी की जान पर खतरे को देखते हुए उनकी सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाया जाना चाहिए।
गृह मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक 29 वर्षीय वरुण गांधी को पहले से ही ‘वाई’ श्रेणी की सुरक्षा दी गई है। इसके तहत उन्हें चौबीसों घंटे तीन सुरक्षा गार्ड, एक एस्कॉर्ट और पायलट वाहन दिया गया है। सूत्रों के अनुसार, वरुण की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने के बाद इसे पर्याप्त पाया गया, लिहाजा सुरक्षा बढ़ाए जाने की जरूरत नहीं है।
इससे पहले प्रधानमंत्री को लिखे अपने पत्र में मेनका ने छोटा शकील गिरोह के शार्प शूटरों की दिल्ली पुलिस द्वारा गिरफ्तारी का जिक्र करते हुए कहा था कि वे वरुण को निशाना बनाना चाहते हैं। हालांकि, पुलिस ने इस दावे से इंकार किया।
मेनका ने अपने पत्र में कहा था, ‘आपकी सरकार के उदासीन रवैये से मैं आश्चर्यचकित हूं। गृह मंत्रालय ने इन खतरों को काफी हल्के में लिया है, जिससे मैं अचंभित हूं।’ उन्होंने कहा, ‘जब वरुण ने गृह मंत्री से मुलाकात की, तो वह अपने कर्तव्यों को लेकर काफी रुखे और लापरवाह दिखे और उन्हें सूचित किया कि वह देश में हरेक आदमी की रक्षा नहीं कर सकते। ऐसा लगा जैसे वह चाहते हों कि वरुण गांधी की हत्या हो जाए।’
छोटा शकील के शूटरों की गिरफ्तारी के मामले में गृह मंत्रालय के अधिकारियों ने कहा कि इसकी गहरी जांच की गई और दिल्ली पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों से अलग-अलग पूछताछ की गई, जिससे पता चला कि वे सुप्रीम कोर्ट में वरुण के मामले की पैरवी कर रहे वकीलों में से एक वकील को मारने आए थे। पुलिस ने बताया कि वकील सिद्धार्थ लुथरा को एक पीएसओ मुहैया कराया गया है, क्योंकि वह छोटा शकील और छोटा राजन गिरोह के बीच रंजिश के कारण निशाने पर हैं।




<< पिछला अगला >>