खंडवा: विश्व हिन्दू परिषद के अंतरराष्ट्रीय महामंत्री प्रवीण तोगड़िया ने कहा है कि केन्द्र सरकार द्वारा अल्पसंख्यकों को आरक्षण देने वाली रंगनाथ मिश्र आयोग की रिपोर्ट लागू की गई, तो विहिप इसका विरोध करेगी।
तोगड़िया ने सुप्रसिद्ध तीर्थ ओंकारेश्वर रवाना होने से पहले संवाददाताओं से कहा, ''रिपोर्ट में मुसलमानों को 10 फीसदी आरक्षण एवं ईसाइयों को पांच फीसद आरक्षण देने की अनुशंसा की गई है। यदि इसे लागू किया गया तो पूरे देश में आंदोलन किया जाएगा।''
एक अन्य प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि राम मंदिर का निर्माण विहिप की प्राथमिकता है और संतों का सहयोग लेकर इसका निर्माण किया जाएगा।
जब उनसे पूछा गया कि प्रदेश के कई मंदिरों का सरकारीकरण कर दिया गया है और ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिग मंदिर भी इसी पंक्ति में है, तो उन्होंने मंदिरो के सरकारीकरण पर कड़े शब्दों में आपत्ति प्रकट करते हुए कहा कि यदि ऐसा हुआ है, तो विहिप सबसे पहले इनकी रक्षा के लिए मैदान में होगी।
उन्होंने केन्द्र सरकार को चुनौती दी कि वह किसी गिरजाघर या मस्जिद का सरकारीकरण करने की हिम्मत दिखाए। हिन्दू धर्म की भावनाओं को ठेस पहुंचाने की कोशिश की गई, तो विहिप जनआंदोलन करने से पीछे नही होगी, चाहे वह किसी भी दल की सरकार हो।




<< पिछला अगला >>