मुल्तान। पाकिस्तान ने मुंबई हमलों के भारत से सबूत मिलते ही अपना रुख नरम कर लिया है। पाकिस्तान के विदेश मंत्री मखदूम शाह महमूद कुरैशी ने कहा कि उनका देश भारत के साथ दोस्ताना संबंध चाहता है और आतंकवाद के खिलाफ मिलकर लड़ाई लड़ने को तैयार है।
समाचार पत्र '''द न्यूज' के मुताबिक, कुरैशी ने अपने होम टाउन मुल्तान में कहा कि मुंबई हमला एक बड़ी घटना थी। इससे भारी नुकसान हुआ और हमें ऐसी घटनाओं को रोकने की रणनीति बनाने के लिए इसकी जड़ तक जाना होगा।
फोटोः पाकिस्तान के विदेश मंत्री मखदूम शाह महमूद कुरैशी
उन्होंने कहा कि हम सभी आतंकवाद का सामना कर रहे हैं और हमें इससे मिलकर लड़ना होगा। पाकिस्तानी विदेश मंत्री ने कहा कि उनका देश सभी पड़ोसी मुल्कों के साथ मित्रवत संबंध रखने की नीति पर चल रहा है।
भारत के साथ अच्छे संबंध पाकिस्तान के हित में है और इससे पूरे क्षेत्र में स्थिरता भी बढ़ेगी।
गौरतलब है कि 26 नवंबर, 2008 को मुंबई में ताजमहल होटल और ओबेरॉय होटेल समेत कई अन्य महत्वपूर्ण जगहों पर हुए आतंकवादी हमलों में करीब 175 लोग मारे गए थे।



<< पिछला अगला >>