वाशिंगटन। कम लोग ही जानते होंगे कि वॉल स्ट्रीट से भ्रष्टाचार के खिलाफ शुरू हुए आंदोलन का अगुवा एक भारतीय है। प्रीत बहराड़ा को उनकी उपलब्धियों के लिए प्रतिष्ठित पत्रिका टाइम ने अपने कवर पर जगह दी है।
टाइम के ताजा अंक में बहराड़ा के फोटो के साथ लिखा है, वाल स्ट्रीट को हिला रहा है यह शख्स। न्यूयार्क दक्षिणी जिले के वर्तमान अमेरिकी अटार्नी बहराड़ा पंजाब के फिरोजपुर में जन्मे हैं। वह भ्रष्टाचार के कई बहुचर्चित मामलों को लेकर आंदोलन छेड़े हुए हैं।
मुख्य कहानी में कहा गया कि बहराड़ा ने वित्तीय दुनिया के कुछ सबसे ताकतवर सदस्यों को हिला कर रख दिया है। सिख पिता और हिन्दू मां के घर जन्मे 43 वर्षीय बहराड़ा का बचपन न्यूजर्सी में बीता और उन्होंने वर्ष 1990 में हार्वर्ड कॉलेज से स्नातक की डिग्री हासिल की।
ओबामा ने किया मनोनीत
अमेरिकी राष्ट्रपति ओबामा ने बहराड़ा को न्यूयॉर्क दक्षिणी जिले का अमेरिकी अटॉर्नी मनोनीत किया और सीनेट द्वारा मई 2009 में सर्वसम्मति से इसकी पुष्टि की गई। तेरह अगस्त 2009 को इस पद की शपथ लेने के बाद बहराड़ा ने आतंकवाद, घोटाले, भ्रष्टाचार और सामूहिक हिंसा जैसे सैकड़ों दीवानी और फौजदारी मामले देखे।

