बाबा रामदेव के सिद्धातों पर बीआरएसपी काम करेगी: कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी
रांची: भारतीय राष्ट्रीय समानता पार्टी बीआरएसपी एक राष्ट्रीय आंदोलन है। बाबा रामदेव की गठित भारत स्वाभिमान के सिद्धांतों पर काम करेंगे। उक्त बातें बीआरएसपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह बाबा रामदेव के दत्तक पुत्र कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी ने रांची में आयोजित पार्टी के कार्यकर्ता सम्मेलन में कही। कर्नल त्यागी ने कहा कि हमने भारतीय राष्ट्रवादी समानता पार्टी को आम आदमी को न्याय, इज्जत एवं सुरक्षा देने के लिए बनाया है। कर्नल त्यागी ने कहा कि बीआरएसपी का भविष्य सभी पार्टियों से बेहतर है क्योंकि इस पार्टी के राष्ट्रीय प्रशासनिक सदस्य बाबा रामदेव से आर्शीवाद लेकर आए हैं। यह पार्टी एक राष्ट्रीय आंदोलन है। कर्नल त्यागी ने कहा कि बेईमान लोग एक हो सकते हैं तो ईमानदार एक क्यो नहीं हो सकते। उन्होंने कहा कि बीआरएसपी की सबसे बड़ी ताकत उसके सदस्य हैं जो देशभक्त हैं, सक्षम हैं, स्वाभिमानी हैं और व्यवस्था में परिवर्तन चाहते हैं। बीआरएसपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कर्नल त्यागी ने कहा कि पार्टी आगामी लोकसभा की चुनाव की तैयारी में हम पूरी तरह से लग चुके हैं और देश भर से प्रत्याशियों की सूची शीघ्र ही जारी हो जायेगी। उन्होंने कहा कि सरकारी, गैरसरकारी व सार्वजनिक जीवन में जयहिंद बोलेंगे। कर्नल त्यागी ने पार्टी के कार्यकर्ताओं को आहवान करते हुए कहा कि तुम मुझे सहयोग दो, मैं तुम्हें अधिकार दूंगा। कर्नल त्यागी ने स्पष्ट करते हुए कहा कि झूठ, फरेब व घृणा से हमारा कोई लेना नहीं हैं। कर्नल त्यागी ने कहा कि शिक्षा और न्याय के द्वारा आजादी, भ्रष्ट्राचार, बेइंसाफी, अपराध और गरीबी को मिटाकर हर नागरिक को समान अवसर दिलाना है यही बीआरएसपी का मिशन है। बीआरएसपी यूथ के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप दुबे ने कहा आज देश को भ्रष्टचार का कीड़ा लगा हुआ है। देश में फिलवक्त कुछ अच्छा नहीं हो रहा है, यह सभी को पता है। श्री दुबे ने कहा कि देश के अंदर धर्म व कर्म की हानि हो चुकी है। उन्होंने कहा कि बाबा रामदेव के दत्तक पुत्र व पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी अलख जगाने निकल पड़े हैं। श्री दुबे ने कहा कि जब राष्ट्र विषम स्थिति में हो तो राष्ट्रधर्म सभी धर्मों से ऊपर होता है हमें हिंदु, मुसलिम, सिख व ईसाई बाद में होना होगा, पहले हमें भारतीय बनना ही पड़ेगा हमें अब नेता जी सुभाष चन्द्र बोस जी का नारा जयहिंद के एक बिन्दु पर एकत्र होना ही होगा। श्री दुबे ने कहा कि स्वामी बाबा रामदेव जी के दिखाए मार्ग पर चलने के लिए कृत संकल्पित होना ही होगा और हमें भारत स्वाभिमान ट्रस्ट के उद्देश्यों को स्थापित करना ही होगा। संदीप दुबे ने कहा कि आइए व्यवस्था बदलें या निंदा करना छोड़ दें। हमें कीमत चुकानी पड़ती है सिर झुकाकर घुटनों के बदल टिककर जीने की या स्वाभिमान के साथ उठाकर जीनें की। यदि आप इज्जत और प्रतिष्ठा के साथ जीना चाहते हैं, तो इसी वक्त फैसला करें और आंदोलन में सहयोग दें। बीआरएसपी यूथ के राष्ट्रीय सचिव संजय पांडेय ने कहा कि झारखंड की धरती पर ही बीआरएसपी यूथ द्वारा संचालित राजनीति की पाठशाला का उद्घाटन किया जाना है। श्री पांडेय ने राजनीति की पाठशाला के औचित्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राष्ट्र इस समय एक गंभीर राजनैतिक संकट से गुजर रहा है। हमें एक नये लीडर की सख्त जरूरत है जो नागरिकों को आदर और आत्मसम्मान दिला सके जो देश का हित अपने हित से ऊपर रख सके। राष्ट्रवादी चिंतन और राष्ट्रनिर्माण के लिए हमें युवाओ की शत् प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करना होगा, क्योंकि आज परिस्थतियों में राष्ट्र का निर्माण युवा हाथों से ही संभव है। अतः शिक्षा एक सशक्त माध्यम है। झारखंड संयोजक अर्जुन नारायण देव ने कहा कि आज की तारिख में झारखंड प्रदेश पूरी तरह से जल रहा है। प्रदेश की हालत बद से बदतर है। यहा की सबसे बड़ी समस्या भ्रष्टाचार है। इस विषय पर अब तक किसी भी राजनीतिक पार्टी ने सक्रिय पहल नही की है। बीआरएसपी के कार्यकर्ता भ्रष्ट नहीं होंगे और न ही होने देंगे। कार्यक्रम के अंत में मंच पर उपसिथत सभी पार्टी के सभी पदाधिकारियों ने एक साथ राजनीति की पाठशाला पाठयक्रम का लोकापर्ण किया। कर्नल त्यागी ने मनीष वैद्य को बीआरएसपी का झारखंड प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया। मनीष वैद्य ने कर्नल त्यागी को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे पार्टी के संविधान व नियमावली के तहत पार्टी को सशक्त बनाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे। इस अवसर पर बिहार के टीम लीडर शिशिर कुमार सिन्हा, बिहार संयोजक इंजीनियर रविंद्र ठाकुर, प्रदेश प्रवक्ता एस मजुमदार, सचिव पीपी चटर्जी, जेपी यादव, कल्याणी कर राय, अधिवक्ता बसु कुमार डे, एनपी सिंह, रंजीत सिंह, सुखदेव लोहरा सहित कई कार्यकर्ताओं ने अपनी बातों को कर्नल त्यागी के समक्ष रखा।