जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर में कॉलेज की दो छात्राओं ने जहर खाकर खुदकुशी कर ली। पिछले दो माह में कॉलेज छात्राओं के जान देने की यह छठीं घटना है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने बताया कि रानी सती नगर (श्याम नगर)की नेहा (20)ने अज्ञात कारणों के चलते जहरीला पदार्थ खा लिया। इसकी जानकारी मिलने पर परिजन उसे तत्काल एक निजी अस्पताल ले गए। गंभीर हालत की वजह से उसे एसएमएस अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया जहां बाद में उसने दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार वह निजी कॉलेज में बी.काम. की द्वितीय वर्ष की छात्रा थी।
एक अन्य घटना में सोडाला थाना अंतर्गत रामनगर में हुई। निजी कॉलेज में पढ़ने वाली शैली (20) ने देर रात अपने घर पर ही जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल एसएमएस अस्पताल ले गए। जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
शैली एक निजी कम्पनी में नौकरी करती थी। छात्रा के परिजनों का कहना है कि वह पिछले कई दिनों से तनाव में थी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।



<< पिछला अगला >>