जयपुर (राजस्थान): शहर के सीतापुरा इंडस्ट्रियल एरिया में इडियन ऑयल के एक डिपो में भयानक आग लग गई। सूत्रों के अनुसार
आग ऑयल डिपों मे गैस का रिसाव होने के कारण लगी। इस हादसे में पांच लोगों की मरने व करीब 150 लोगों के झुलसने की खबर मिल रही है। घायलों को एसएमएस अस्पताल व महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूरे जयुपर शहर की दमकले मौके पर पहुंच चुकी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इसके बाद दो तीन विस्फोट होने की आवाजें भी सुनीं गई। चश्मदीदों के अनुसार धमाका इतना जबरदस्त था कि इसकी आवाज लगभग सात किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। मकानों के शीशे टूटने के साथ-साथ कई मकानों में दरारें पड़ने की खबरें भी आई हैं। आग अभी भी भयंकर रूप लिए हुए है। वहां से अभी भी भयंकर लपटें उठ रही हैं। हालात की गंभीरता को देखते हुए आग पर
काबू पाने के लिए सेना से मदद की गुहार की गई है। इसके साथ ही मुंबई से विशेषज्ञों की टीम को भी बुला भेजा गया है।
सुरक्षा कारणों के चलते पूरे इलाके में बिजली बंद कर दी गई है। विस्फोट से आसपास के इलाकों में मौजूद लोगों में भारी दहशत का माहौल है। इलाके की मोबाइल सेवाएं भी जाम हो गई हैं। बड़े हादसे की आशंका के चलते सुरक्षा कारणों से आसपास के गावों को खाली करवा दिया गया है। लोगों को सुरिक्षत स्थानों पर भेजा जा रहा है। पूरे इलाके को सील कर दिया गया है। जयपुर -कोटा राजमार्ग पर 25 किलोमीटर तक यातायात जाम हो गया है। ट्रकों की लाइनें लगी हुई हैं।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत घायलों से मिलने के लिए एसएमएस अस्पताल पहुंच चुके हैं। घनश्याम तिवाडी व सांसद महेश जोशी भी घायलों से मिलने के लिए पहुंचे। फायर ब्रिगेड की कई गाडियां मौके पर पहुंच गई हैं और आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं। प्रशासन के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच चुके हैं। आग लगने से काफी नुकसान होने की आशंका है। खबर है कि आग ने पास की जींस फैक्ट्री को भी अपनी पकड़ में ले लिया है।




<< पिछला अगला >>