इस्लामाबाद| पाकिस्तान के प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी के आवास पर घातक एंथ्रेक्स से युक्त एक पार्सल भेजे जाने का मामला सामने आया है। इस पार्सल को पिछले साल अक्टूबर में भेजा गया था। प्रयोगशाला परीक्षण के बाद हुए इस खुलासे से सुरक्षाकर्मियों के होश उड़ गए।
समाचार पत्र 'डॉन' के मुताबिक गिलानी के आवास पर तैनात सुरक्षाकर्मी बुधवार को यह जानकर हैरान रह गए कि पिछले साल अक्टूबर में उन्हें जो पार्सल मिला था उसमें घातक एंथ्रेक्स पाउडर रखा गया था।
सुरक्षाकर्मियों ने जांच में पाया है कि इस पार्सल को सिंध प्रांत के जामशोरो जिले से भेजा गया।
एक अधिकारी ने बताया कि सिंध के जामशोरो विश्वविद्यालय की एक महिला जो एसोसिएट प्रोफेसर है, उस पर संदेह है कि उसने प्रधानमंत्री के सरकारी आवास पर यह पार्सल भेजा।
अधिकारी के मुताबिक, "प्रयोगशाला के परीक्षण में इस बात की पुष्टि हुई है कि पार्सल में एंथ्रेक्स था।"
अधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास के बाहरी प्रवेश द्वार पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने पार्सल में पाउडर जैसा तत्व पाया। इसके बाद पार्सल को जांच के लिए भेजा गया था।

