नई दिल्ली : काबुल में भारतीय दूतावास पर आठ अक्तुबर को हुए बम विस्फोट पर फ्रांस के राष्ट्रपति निकोलस सारकोजी ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को संवेदना जताने के लिए पत्र लिखकर भारत के साथ आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ने की इच्छा जताई है।
मनमोहन को लिखे पत्र में सरकोजी ने कहा, ‘सात जुलाई 2008 को हुए निंदनीय बम विस्फोट के बाद, यह साल भर के अंदर दूसरी बार है, जिसमें कायर तालिबान ने अफगानिस्तान में आपके राजनयिक प्रतिनिधि केन्द्र पर हमला किया है। मैं इस दुखदायी परिस्थिति में अपनी ओर से पूरा समर्थन और गहरी संवेदना प्रकट करता हूं।‘
इस पत्र में उन्होंने मनमोहन सिंह का ध्यान फ्रांस का भारत के साथ मिलकर आतंकवाद के खिलाफ जारी लड़ाई की ओर खींचा है। सरकोजी ने कहा, ‘पिछले साल मुंबई हमले के बाद हुए आपसी समझौते के आधार पर हमने दोनों देशों के बीच आपसी सहयोग बढ़ाने का निर्णय लिया है।‘
उन्होंने कहा, ‘काबुल में हुए आतंकवादी हमले ने फ्रांस और भारत को ज्यादा करीब आकर काम करने की इच्छा को मजबूत किया है, जिससे आतंकवाद के हर रूप का खात्मा किया जा सके।‘



<< पिछला अगला >>